2021/08/27

बेगूसराय: प्रेमी को पि‍टते देख प्रेमिका ने खाया जहर, रात में घर मिलने पहुंचा था बॉयफ्रेंड

BEGUSARAI : साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा गांव में प्रेम प्रसंग के मामले में प्रेमी की पिटाई कर युवती के स्‍वजनों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इससे पूर्व युवक की जिस समय पिटाई हो रही थी, प्रेमिका इसे सहन नहीं कर सकी। उसने जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। युवती को सदर अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि उसकी स्थिति ठीक है। 

डिज्‍नीलैंड मेले में हुई थी राजीव से मुलाकात 

सदर अस्‍पताल में इलाजरत युवती ने बताया कि वह राजीव पासवान से प्‍यार करती है। वर्ष 2016 में चमड़‍िया मैदान में उसकी मुलाकात राजीव से हुई थी। डिज्‍नीलैंड मेले में राजीव से उसकी आंखें चार हुई थीं। यह जानते हुए कि मजहब उनके प्‍यार में बाधक बनेगा, वे दोनों प्‍यार में डूब गए। वे एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने के सपने देखने लगे। राजीव ऑटो चलाता था। लेकिन जैसे ही इस बात की जानकारी युवती के परिवारवालों को हुई वे आक्रोशित हो गए। उन्‍हें यह पसंद नहीं था।  लेकिन परिवारवालों की परवाह किए बिना ये प्रेमी युगल मिलते रहे। 

मंगलवार रात परीक्षा की तैयारी के लिए युवती ने राजीव से कुछ किताबें मंगवाई। राजीव किताबें लेकर पहुंचा ही था कि युवती के स्‍वजनों ने उसे देख लिया। इसके बाद दबोचकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। प्रेमी को पिटता देख युवती का कलेजा छलनी हो गया। उसने काफी प्रयास किया। लेकिन परिवार के लोग राजीव को पीटते रहे। इसके बाद युवती ने जहर खा लिया। इसके बाद अफरातफरी मच गई। 

किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। वहीं युवती को सदर अस्‍पताल में भर्ती कराया गया।  इधर बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक शुभम भारद्वाज ने प्रेमिका को सुरक्षा देने, मर्जी से शादी करने की आजादी बहाल करने व हिरासत में लिए गए प्रेमी राजीव कुमार की रिहाई की मांग की है।