BEGUSARAI : चोरी छिपे प्रेमिका से मिलने पहुंचना युवक के लिए भारी पड़ गया। ग्रामीणों ने दबोच लिया। दोनों को कहा कि वे शादी कर लें। लेकिन दोनों इससे इंकार करने लगे। इसके बाद ग्रामीणों ने जबरन उनकी शादी करा दी।
बताया गया कि हरिमोहन की लक्ष्मी से चार वर्ष पूर्व एक शादी समारोह में मुलाकात हुई थी। एकंबा गांव में हो रही शादी में हरिमोहन अपनी मौसी के घर आया था। जबकि लड़की अपनी नानी के यहां पहुंची थी। दोनों की आंखें चार हुई। इसके बाद दोनों में स्नेह पनपा। फिर तो धीरे-धीरे सात जन्मों तक साथ रहने की कसमें खाई जाने लगी।
नतीजा यह हुआ कि हरिमोहन अक्सर अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए आने लगा। बाहरी युवक का बार-बार पहुंचना ग्रामीणों को खटकने लगा। फिर प्यार के चक्कर का पता चला। ग्रामीण इस इंतजार में थे कि दोनों को कब एक साथ पकड़ा जाए।
बताया जाता है कि हरिमोहन अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा। यह लड़की के पिता ने देख लिया। इसके बाद पकड़कर दोनों की शादी करा दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक 22 जुलाई को हरिमोहन कुमार की शादी लक्ष्मी कुमारी से गांव के ही शिव मंदिर में हिन्दू रीति-रिवाज के साथ शादी कराई गई है। इसका वीडियो स्थानीय लोगों में गुरुवार की देर शाम वायरल कर दिया गया। वायरल वीडियो में दूल्हे की जबरन हो रही शादी दिख रही है। शादी के बाद से लड़का अपने ससुराल में ही है।