छात्रा के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि उनकी बेटी इंटर की छात्रा है। दो साल पहले वह क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ती थी। ओडिशा, भुवनेश्वर के रेलवे स्टेशन लेन नंबर चार के पास रहने वाला पृथ्वी पांड्या स्कूल में फिजिक्स पढ़ाता था वह फोन पर उनकी बेटी से बातचीत करता था। संदेह होने पर घरवालों ने कई बार बेटी से पूछा तो उसने पढ़ाई के बारे में बात करने की जानकारी दी। आरोपित शिक्षक कुरियर से उनके घर लेटर भी भेजा करता था।
15 जून की सुबह उनकी बेटी घर से कुछ सामान लेकर निकल गई। जानकारी होने पर उसकी खोजबीन शुरू की गई लेकिन पता नहीं चला। मोबाइल नंबर भी बंद था। सहेलियों से पूछने पर उन्होंने जानकारी होने से इंकार कर दिया। रात में नौ बजे बेटी का फोन आया। उसने कहा कि पापा मैं पृथ्वी के साथ भुवनेश्वर आ गई हूं। उसी के साथ शादी करूंगी।