SAMASTIPUR : समस्तीपुर विभूतिपुर थाना क्षेत्र के बाजिदपुर बम्बैया निवासी हरि सहनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह जानकारी थानाध्यक्ष चंद्र कांत गौरी ने दी।
बताया कि आरोपित दहेज प्रताड़ना में पुत्रवधू की हत्या मामले में नामजद आरोपित था। इस मामले में अंगारघाट थाना क्षेत्र के विरनामा तुला निवासी रामचंद्र सहनी ने स्थानीय थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करवाई थी।
कहा था कि पुत्री मीरा देवी की शादी विगत 19 जून 2017 को हिदू रीति रिवाज के मुताबिक सोनू सहनी के साथ अपने आवास पर की थी।
शादी में अपनी क्षमता मुताबिक पुत्री और उसके पति को उपहार स्वरूप एक लाख रुपये नगद, हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक, 2 भर सोना का जेवर, कपड़ा, बर्तन वगैरह लगभग तीन लाख रुपए का दिया था।
विदा होकर पुत्री ससुराल गई तो वहां शादी के कल से ही उसके ससुर हरि सहनी, सास जगतारण देवी, भसुर संजय सहनी, श्रवन सहनी, गोतनी कविता देवी व रंजू देवी दहेज में 2 लाख रुपये की मांग करने लगे।
उसकी पुत्री अपने पिता की क्षमता नहीं होने की बातें करती तो सभी मारपीट किया जाता था। इसको लेकर कई बार सामाजिक पंचायत भी होना बताया है।
कहा है कि लगभग 5 माह पूर्व उसकी पुत्री के साथ काफी मारपीट हुई। इसके बाद वह उसे अपने घर विरनामा तुला लाकर इलाज वगैरह करवाया था।
सामाजिक पंचायत के बाद विगत 24 मई 2021 को उसकी पुत्री विदा होकर अपने ससुराल गई। इसके बाद 3 - 4 जून की रात्रि लगभग 2 बजे उसे जानकारी मिली कि उसकी पुत्री की हत्या हो गई है। लाश को गायब करने की तैयारी हो रही है।
सूचना पाकर अपने ग्रामीणों के साथ पुत्री मीरा देवी के घर पहुंचा तो देखा कि आंगन में लाश पड़ी थी। पुत्री के गाल पर चोट का निशान और हाथ टूटा हुआ था।
चोट के कारण शरीर का कुछ अंग सुजा हुआ था। दर्ज प्राथमिकी में उसने दावा करते हुए कहा था कि 2 लाख रुपये दहेज में नहीं देने के कारण उसकी पुत्री की हत्या आरोपितों द्वारा कर दी गई है।
Source - DAINIK JAGRAN