2021/06/03

समस्तीपुर में अपराध की साजिश नाकाम, पिस्टल व कारतूस के साथ तीन शातिर गिरफ्तार

SAMASTIPUR : समस्तीपुर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुइधारा गांव में मंगलवार की देर रात छापेमारी कर एसआइटी ने हथियार के साथ तीन शातिर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान थाना क्षेत्र के आदर्शनगर भुइधारा निवासी देवनारायण महतो के पुत्र अविनाश कुमार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के जटमलपुर निवासी रामचन्द्र महतो के पुत्र सन्नी कुमार, मोहनपुर नक्कू स्थान मोहल्ला के राकेश सिंह के पुत्र शुभम सिंह उर्फ छोटू के रुप में हुई है। 

उसके पास से एक देसी पिस्टल, एक कट्टा, चार कारतूस, तीन मोबाइल व एक लॉक खोलने की चाभी बरामद हुई है। सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात गुप्त सूचना मिली की आदर्शनगर भुइधारा के अविनाश कुमार उर्फ गोलू नव निर्मित मकान पर शागिर्दों के साथ किसी बड़ी घटना की साजिश कर रहा है।

 तत्काल एसआइटी के साथ उक्त स्थल पर छापेमारी की गई। इस क्रम में उक्त नव निर्मित मकान से हथियार के साथ तीन शातिर पकड़े गए। कहा कि गिरफ्तार आरोपित एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं। इसका आपराधिक इतिहास रहा है। पूर्व में लूट और चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। गिरफ्तार आरोपित सन्नी और शुभम उर्फ छोटू उजियारपुर में आर्गन लूट का वांछित है। छापेमारी दल में मुफस्सिल थानाध्यक्ष विक्रम आचार्या व एसआइटी के जवान शामिल रहे।