VAISHALI : वैशाली जिले मे अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं ने पति- पत्नी के रिश्ते को कलंकित किया है। एक महिला अपने पति को सोया छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई तो दूसरी महिला का पति ही उसका हत्यारा बन गया। घटनाएं क्रमश: पातेपुर एवं सदर थाना क्षेत्र की हैं।
पातेपुर थाना क्षेत्र के पातेपुर गांव स्थित घर में पति के साथ सोई एक महिला चकमा देकर अपने प्रेमी के संग फरार हो गई। इस घटना को लेकर महिला के पति ने समस्तीपुर जिला के विभुतिपुर थाना क्षेत्र के चांद सुरई गांव निवासी रविन्द्र कुमार के विरुद्ध पातेपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार पति-पत्नी घर में आम दिनेां की तरह सोए हुए थे।
सोते समय ही उसकी पत्नी चंपत हो गई। जब नींद खुली तो उसे नहीं देखकर लगा कि शायद शौचालय गई होगी। लेकिन काफी देर तक वह नहीं लौटी तो इधर-उधर खोजबीन शुरू की। इसी क्रम में पता चला कि वह अपने प्रेमी रविन्द्र कुमार के साथ फरार हो गई है। दर्ज प्राथमिकी के आलोक में पातेपुर थाना की पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के थाथन बुजुर्ग गांव में एक शराबी ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद फांसी के फंदे पर लटका दिया। इसके बाद रो-रो कर आत्महत्या कर लेने का नाटक करने लगा। काफी संख्या में लोग जुट गए और घटना की सूचना सदर थाना की पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने पर सदर थानाध्यक्ष अस्मित कुमार पहुंचे। तहकीकात के दौरान की मोहल्ला के लोगों ने दबी जुबान बताया की रुदल सहनी ने ही अपनी पत्नी की हत्या गला दबाकर कर दी है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रुदल सहनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आरोपित रुदल सहनी मछली का व्यवसाय करता है और अक्सर शराब पीकर घर पहुंचने के बाद अपनी दूसरी पत्नी के साथ मारपीट करता था। मृतका को दो छोटा लड़का है। लगभग 5 वर्ष पूर्व रुदल साहनी ने अपनी पहली पत्नी की भी फांसी लगाकर हत्या कर दी थी लेकिन मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा था। ग्रामीण इसी बात से अधिक आक्रोशित थे की रुदल का व्यवहार हिंसक होता जा रहा था। मोहल्ला वालों के साथ भी उसका मधुर संबंध नहीं था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस की तत्परता से इस बार रुदल सहनी गिरफ्त में आ गया।