SAMASTIPUR : समस्तीपुर दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के सीमावर्ती बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र के रसीदपुर में बुधवार को बाल कटाकर बलान नदी में नहाने गए तीन युवक डूब गए। जिसमे एक की मौत अस्पताल में हो गई। वही दो अन्य को दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल से गम्भीर अवस्था में रेफर किया गया।
मृतक की पहचान मंसूरचक थाना क्षेत्र के साठा चक्का वार्ड संख्या आठ निवासी स्व. मणिकांत चौधरी के पुत्र आयुष कुमार उर्फ गोलू (14) के रूप में हुई है। वही दो अन्य युवक गांव के ही अरविद राम के पुत्र आर्यन कुमार (13), एवं कृष्ण दास के पुत्र अमन कुमार (12) के रूप में हुई है। दोनों की स्थिति गम्भीर बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार नदी में कुछ महीने पहले ही जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदा गया था। पिछले दिनों बालान नदी में आयी पानी की वजह से गड्ढा पूरा लबालब भर गया। तीनों बाल कटवा कर नदी में नहाने गए थे। गहरे पानी में चले जाने के कारण तीनों डूबने लगे तो हल्ला करने पर ग्रामीणों द्वारा काफी प्रयास के बाद तीनों को नदी से बाहर निकाला गया।
आनन-फानन में दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां आयुष कुमार उर्फ गोलू की मौत हो गई। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना मंसूरचक थाने की पुलिस को दे दी गई है। परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल था। बिशनपुर के दो भाइयों की नदी में डूबने से मौत समस्तीपुर।
प्रखंड के विशनपुर पंचायत निवासी मो. इम्तियाज शेख के बेटे मो. आदिल शेख (13) तथा मो. सागिल शेख (10) की मौत मंगलवार को नदी में डूबने से हो गई। वे दोनों दरभंगा जिला के हनुमाननगर प्रखंड अंतर्गत रतनपुरा गांव स्थित अपने ननिहाल गए हुए थे। वहीं बागमती नदी में स्नान के दौरान डूब गए। बुधवार को गोताखोरों ने दोनों भाइयों का शव नदी से निकाला।
इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही विशनपुर तथा रतनपुरा के लोगो में शोक की लहर दौर गई। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत ने हर किसी के दिल को दहला दिया। विशनपुर गांव में जहां सन्नाटा है, वहीं हर चेहरे पर बदहवासी। दरभंगा से पोस्टमार्टम के उपरांत दोनों बच्चे का शव आज उनके स्वजनों को सौप दिया गया।
इसके बाद दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार अपने पैतृक गावं विशनपुर स्थित कब्रिस्तान में किया गया। इस हृदयविदारक घटना पर स्थानीय विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर, प्रखंड अध्यक्ष उमेश प्रसाद यादव, मो. बशीर अहमद, मो. कादिर, मो. आसिफ इकबाल, मो. अकबर अली, रंजीत कुमार रंभू, श्यामनारायण शर्मा, डा. रामपुकार सिंह, मो. अमरोज, सुमन कुमार आदि ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।