SAMASTIPUR : जिले के सीमावर्ती मंसूरचक प्रखण्ड क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिये वर-वधू के द्वारा की गई अनोखी पहल की सराहना सभी लोग कर रहे हैं।बताते चलें कि कश टोली निवासी कपिलदेव महतो की पुत्री निशा कुमारी व समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड क्षेत्र के खेतापुर निवासी रामपुकार महतो के पुत्र राजकुमार ने परिणय सूत्र में बंधने के साथ ही पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के लिये लोगों को संकेत दिया एवं जागरूक किया।
वहीं युगल जोड़ी की इस अनोखी पहल की सराहना करते हुये युवा कवि कुमार अमरेश ने कहा की आज वायु प्रदूषण बहुत बड़ी वैश्विक समस्या के दूर में सुरसा की तरह मुंह फैलाये हम मानवों को निगलने के लिये आतुर है।
अगर समय रहते अधिक से अधिक पौधा रोपन नहीं किया गया तो आने वाले समय में मानव सारी सुख-सुविधाओं के बावजूद प्राण वायु आॅक्सीजन के बिना जान गंवाने को मजबूर होगें। मौके पर परमानन्द महतो,युवा समाजसेवी सूरज कुमार,भूषण कुमार,राजेश कुमार वर्मा सहित सैकड़ों लोगों ने वर बधू के सुखमयी वैवाहिक जीवन की मंगल कामना करते हुये इस अनोखी पहल की सराहना की।
वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट