2021/05/14

बिहार में खाकी की गुंडई:SHO ने लॉकडाउन के नाम पर महिलाओं को दी गाली, मोबाइल छीनकर फेंका, फिर जड़ दिया थप्पड़

ARA : लॉकडाउन के दौरान नियमों का पालने कराने की जिम्मेदारी प्रशासन के पास है। इस बीच 'सुशासन बाबू' की पुलिस की एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें थानेदार साहब वर्दी का रौब झाड़ते नजर आ रहे हैं। लॉकडाउन के नाम पर महिलाओं के साथ बदतमीजी कर रहे हैं। 

लड़कियों को अपशब्द कह रहे हैं। विरोध करने पर एक महिला के हाथ से मोबाइल छीन कर फेंक देते हैं। फिर थप्पड़ भी चला दिया। पूरे फॉर्म में दिख रहे दारोगा जी भोजपुर जिले के गड़हनी थाने के SHO हैं। नाम है संतोष कुमार रजक।


भोजपुर के गड़हनी बाजार में शुक्रवार को SHO संतोष कुमार रजक एक घर के पास पहुंचे। वहां मौजूद महिलाओं से दुकान के बारे में पूछताछ करने लगे। महिलाओं ने दुकान बंद होने की बात कही। इस दौरान दोनों के बीच बहस होने लगी।


 फिर SHO संतोष कुमार महिलाओं को धमकी देने लगे। उन्हें कानून की परिभाषा बताने लगे। महिलाओं ने जब रोकना चाहा तो डीजीपी से शिकायत करने की बात कही। साथ ही FIR कर जेल भेज देने की धमकी दी। थानेदार की ओर से की जा रही बदतमीजी का वहां मौजूद एक लड़की ने वीडियो बना लिया।


SHO संतोष कुमार रजक के इस व्यवहार को लेकर भोजपुर के पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार दुबे से बातचीत की कोशिश की गई। लेकिन, उनसे बात नहीं हो सकी। 


थानेदार का वीडियो लोग सोशल मीडिया पर भी शेयर करने लगे हैं। एक-दूसरे को भी भेज रहे हैं। मामला एसपी तक पहुंचने की जानकारी होने के बाद SHO संतोष कुमार रजक ने चुप्पी साध ली है। वे इस मामले पर कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे हैं।