ARARIA : बिहार के अररिया में लोक जनशक्ति पार्टी एक नेता ने जमकर फायरिंग की। इसका वीडियो काफी वायरल हो गया है। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोजपा नेता ने अजीब की सफाई दी। वायरल वीडियो में कई लोग डांस करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, अररिया के निवर्तमान लोजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश पोद्दार ने एक शादी समारोह गए हुए थे। उन्होंने वहां राइफल का प्रदर्शन किया और अंधाधुंध हवाई फायरिंग की।
शादी समारोह का यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। बावजूद इसके जिला प्रशासन मौन है। लोजपा नेता ने दिखावे के लिए इसका इस्तेमाल किया। फायरिंग के दौरान काफी भीड़ थी। कई लोग थिरक रहे थे।
इस संबंध में लोजपा नेता ओमप्रकाश पोद्दार ने इस वीडियो को बकवास बताया। उन्होंने कहा कि वीडियो में मेरी तस्वीर नहीं है।
कोई और फायरिंग कर रहा है, मैं नहीं। जबकि उन्हें नजदीक से जानने वाले लोग लगातार वायरल वीडियो पर कॉमेंट्स कर रहे हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि फायरिंग ओमप्रकाश पोद्दार कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि फुलकाहा थाना क्षेत्र के मानिकपुर पंचायत स्थित वार्ड संख्या सात में लोजपा नेता ओमप्रकाश पोद्दार के रिश्तेदार रामकृपाल पोद्दार के पुत्र सुमन कुमार पोद्दार की शादी में इस तरह की घटना हुई है।
हालांकि यह वीडियो एक माह पूर्व का बताया जा रहा है। इधर फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार अलबेला ने बताया कि वायरल वीडियो की सूचना उन्हें मिली है, वे छानबीन कर रहे हैं। दोषी पाए जाने उनपर कार्रवाई होगी। वीडियो की सत्यता की जांच की जाएगी।