SAMASTIPUR : समस्तीपुर शहर के काशीपुर इलाके में बुधवार सुबह एक निजी क्लिनिक के अंदर घुसकर बदमाशों ने एक मरीज पर फायरिंग की। हलांकि, वह बाल बाल बच गए। अचानक हुई फायरिंग के बाद काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल रहा। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश हथियाना लहराते हुए बाइक से मोहनपुर रोड की ओर भाग निकले।
सूचना पर दलबल के साथ पहुंचे नगर थानाध्यक्ष अरुण राय ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की छानबीन शुरु कर दी गई है। कल्याणपुर थानाक्षेत्र के वासुदेवपुर निवासी सत्यनारायण महतो के पुत्र 27 वर्षीय हीरा सिंह कुशवाह उर्फ दीपक कुमार 24 मई की रात सङक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
स्वजनों ने इलाज के लिए शहर के काशीपुर स्थित एक निजी क्लिनिक में इलाज के लिए भर्ती कराया था। जहां स्वस्थ्य होने के बाद बुधवार को डिस्चार्ज किया जाना था। इससे पूर्व अहले सुबह चार की संख्या में आए हथियार बदमाशों ने क्लिनिक के अंदर घुसकर हीरा पर फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग के बाद अफरा तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे।
जिस वक्त यह घटना हुई, क्लनिक के अंदर मरीज के साथ कई लोग मौजूद थे। हीरा और उसकी मां उर्मिला देवी एक वार्ड में थी। जहां बदमाशों ने फायरिंग किया था। जान बचाने के लिए उसने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया था। इधर, घटना को अंजाम देकर सभी बदमाश हथियार लहराते हुए बाइक से मोहनपुर रोड की ओर भाग निकले। सूचना पर पहुंची नगर थाना की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित युवक को पूछताछ के लिए नगर थाना ले गई।
Police ने बताया कि घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है। पीड़ित युवक के फर्द बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में पुरानी रंजीश की बात सामने आ रही है। हलांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, घटना के बाद आसपास दहशत का माहौल है।