DESK : बांका के कटोरिया थाना अंतर्गत छाताकुरूम बहियार स्थित एक खेत में गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक बच्चे की रोने की आवाज सुनी। पास जाने पर देखा तो सूखे गोबर के ढेर के पास से आवाज आ रही थी। आवाज वाली जगह से गोबर हटाने पर उससे ढंका एक नवजात बच्चा मिला।
इधर हो-हल्ला सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। नवजात को देख आनन-फानन में पास में रहने वाले अजय ठाकुर की पत्नी ने उसे गुनगुने पानी से साफ किया। अपने घर लाकर दूध पिलाया। साथ ही नवजात को जांच के लिए कटोरिया अस्पताल पहुंचाया।
आवश्यक जांच के बाद बच्चा स्वस्थ बताया गया। इधर, अजय ठाकुर ने बच्चे के लालन-पालन की जिम्मेवारी ली और उसे अपने घर ले आए। बाद में मामले की खबर मिलने पर चाइल्ड लाइन, बांका के मनोज कुमार सिंह अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई कर बच्चे को अपने साथ बांका ले गए।
बहियार में नवजात मिलने की खबर से आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर जुटे। जितने मुंह उतनी बातें, चर्चाओं में चल रही थी। आखिर वो कौन थी जो अपने कुकृत्य को छुपाने के लिए एक नवजात को फेंककर चली गई।