DESK : आज के समय में किसी भी आधिकारिक काम को कराने के लिए आधार कार्ड जरूरी हो गया है। कोरोना वैक्सीन लगवाने से लेकर राशन लेने और रेल की टिकट बुक करने में भी हमें आधार कार्ड की जरूरत पड़ जाती है। ऐसे में कई बार हमारा आधार कार्ड अपडेट नहीं रहता है और हमें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सरकार ने अब घर बैठे आधार कार्ड अपडेट करने की सुविधा दे दी है। अगर आप किराये के मकान में रहते हैं और समय-समय पर आपका पता बदलता रहता है तो आप अपने घर में रहकर भी अपने आधार कार्ड में पता बदल सकते हैं।
किराये पर रहने वाले ऐसे ही लाखों लोगों की मुश्किलों को देखते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार कार्ड में पता अपडेट करने का नया तरीका शुरू किया है। इसके जरिए आप भी घर बैठे आधार कार्ड में अपना पता अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए आपको रेंट एग्रीमेंट की जरूरत होगी।
आधार कार्ड में कैसे अपडेट करें अपना पता
आधार कार्ड में अपना पता बदलने के लिए आपको अपने रेंट एग्रीमेंट को स्कैन करके पीडीएफ के रूप में बदलना होगा। अब UIDAI की आधिकारिक साइट https://uidai.gov.in/ पर जाएं। यहां होमपेज पर नजर आ रहे एड्रेस अपडेट रिक्वेस्ट पर क्लिक करें। अब आपके सामने नई विंडो खुलेगी। इसमें अपडेट एड्रेस का विकल्प चुनें। अब अपना आधार कार्ड नंबर डालकर लॉग इन करें। आपको मोबाइल पर ओटीपी प्राप्त होगा। इस ओटीपी को डालकर आप पोर्टल पर पहुंच जाएंगे। यहां रेंट एग्रीमेंट के पीडीएफ को आधार की वेबसाइट पर अपलोड कर दें।
आधार सेंटर जाकर भी करा सकते हैं काम
अगर आप आधार सेंटर पर जाकर अपना पता अपडेट करवाना चाहते हैं तो अभी भी ऐसा कर सकते हैं। इसके लिए आपको आधार अपडेशन या करेक्शन फॉर्म लेना होगा। वेबसाइट के डाउनलोड सेक्शन जाकर आप यह फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। इसमें सभी जरूरी डिटेल्स भरकर सेंटर पर संबंधित व्यक्ति को देना होगा। इसके साथ ही आधार कार्ड की फोटोकॉपी, पैन कार्ड, वोटर कार्ड या पासपोर्ट की फोटोकॉपी देनी होगी। इसे दर्ज कराने के हफ्ते- दस दिन बाद आपके आधार कार्ड में पता बदल दिया जाएगा।