PATNA : बिहार के पटना, भोजपुर और शेखपुरा जिलों में हुए तीन अलग-अलग हादसों में कम से कम 6 लोगों की जान चली गई है। भोजपुर जिले के सहार थाना अंतर्गत आरा-अरवल मार्ग पर सोन नदी पर बने सहार पुल पर एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने तीन लोगों को रौंद दिया। दूसरी तरफ, शेखपुरा में बाइक पर सवार होकर बारात में जा रहे तीन किशोरों को ट्रक ने रौंद दिया। वही पटना जिले के नौबतपुर के समीप बोलेरो और बाइक की टक्कर में कम से कम एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिल रही है। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।
आरा से मिली सूचना के मुताबिक भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र अन्तर्गत आरा-अरवल मुख्य मार्ग स्थित सहार पुल पर शुक्रवार की सुबह अनियंत्रित स्कार्पियो ने तीन लोगों को रौंद दिया। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, एक ग्रामीण घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर गए और स्कार्पियो को क्षतिग्रस्त कर दिया । हालांकि , चालक जान बचाकर भाग निकला।
गुस्साए लोग सहार पुल के समीप ही आरा-अरवल मुख्य मार्ग को जाम कर हंगामा कर रहे है। भाकपा -माले के नेतृत्व में सड़क पर उतरे आक्रोशित ग्रामीण मृतक के आश्रितों को मुआवजा और स्कार्पियो चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे है। मौके पर पहुंची पुलिस सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाने में लगी है। मृतकों में भोजपुर के सहार टोला निवासी बुटाई चौधरी का 20 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र चौधरी तथा सीता चौधरी का 60 वर्षीय पुत्र गंगा विष्णु चौधरी शामिल है। हादसे मेंं घायल गिरनी चौधरी का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
बताया जाता हैं कि सहार थाना के सहार टोला निवासी वीरेन्द्र चौधरी, गंगा विष्णु चौधरी व गिरनी चौधरी तीनों शुक्रवार की सुबह सात बजे पैदल पुल पारकर अरवल बालू घाट की ओर जा रहे थे। इस बीच आरा-अरवल मार्ग स्थित सहार पुल पर अनियंत्रित स्कार्पियो ने तीनों को रौंद दिया। इसके बाद इलाज के लिए सहार पीएचसी लाया गया।जहां, से गंभीर रूप से घायल वीरेन्द्र चौधरी व गंगा विष्णु चौधरी को पटना और अरवल रेफर कर दिया गया।जहां, इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में दोनों की मौत हो गई।
जिस स्कार्पियो गाड़ी से यह हादसा हुआ है, वह किसी कंपनी की बताई जा रही हैं। दुर्घटना के बाद भीड़ के आक्रोश को देखकर चालक स्कार्पियो को पुल पर ही छोड़कर भाग निकला। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कार्पियो को क्षतिग्रस्त कर दिया। सड़क जाम के कारण आरा-अरवल मार्ग पर वाहनों का परिचालन अवरूद्ध हो गया है। सहार थानाध्यक्ष आनंद सिंह मौके पर पहुंच कर जाम हटाने व लोगों को समझाने में लगे है। खबर लिखे जाने तक हंगामा व सड़क जाम जारी था।