BANKA : बांका में एक युवक की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटका दिया गया। घटना बौंसी थाना क्षेत्र स्थित पोराय गांव की है। युवक नाइट कर्फ्यू में घर से निकला था और देर रात तक घर नहीं लौटा।
इधर, घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रेम-प्रसंग में हत्या की बात सामने आ रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है।
उससे पूछताछ के आधार पर मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी चल रही है। मृतक की पहचान हरि पासवान के 22 वर्षीय पुत्र भरत कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार भरत कुमार का गांव का एक लड़की के साथ ही प्रेम प्रसंग चल रहा था। 15 दिन पूर्व उस लड़की को लेकर फरार हो गया और शादी कर ली।
इसके बाद लड़की के पिता ने लड़के के परिवार वालों को जान से मार देने की लगातार धमकी दी। इसके बाद भरत के पिता हरि पासवान ने लड़की को घर से भगा दिया।
परिजनों का कहना है कि भरत कुमार गुरुवार की शाम को भरत घर से निकला था और काफी देर होने के बाद भी घर नहीं लौटा। जब खाना खाने का समय हुआ तो परिवार वालों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
बाद में परिवार वाले अन्य ग्रामीणों के साथ युवक की खोजबीन के लिए फिर निकले तो गांव के पास ही पोखर के समीप बबूल के पेड़ में उसका शव लटका मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।