PATNA : बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान 'बिहार में का बा...' गीत गाकर चर्चा में आईं लोकगायिका की नेहा राठौर की मां कोरोना पॉजिटिव हो गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। वह बता रही हैं कि उनकी मां चंपा सिंह, एकता चौराहा सदर अस्पताल में भर्ती हैं। उम्र 48 साल है। जारी वीडियो में नेहा कह रही हैं कि उनकी मां को जमुहार मेडिकल कॉलेज सासाराम में भर्ती कराया जाए तो ज्यादा बेहतर होगा क्योंकि वहां स्पेशलिस्ट हैं। यह सब बताते हुए वह हेल्प...हेल्प कर गुहार लगा रही हैं।
कुमार विश्वास ने मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष पर मारा ताना !
नेहा सिंह राठौर की गुहार पर देश के चर्चित कवि कुमार विश्वास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से गुहार लगाई है कि एक प्रतिभाशाली बेटी आपकी ओर देख रही है। मदद करिए। नेता प्रतिपक्ष से भी विश्वास ने गुहार लगाई है और कहा है कि आप सत्ता में नहीं हैं किंतु प्रभावी तो हैं, आप का हाथ बढ़े। नेहा की आंखों में आंसू उसकी जिजीविषा की हार है... आप दोनों पर न हो तो बता दीजिए। बिहार बेटियों का दुख हरना जानता है।
तेजस्वी ने दिलाया भरोसा, विधायक सुधाकर सिंह ने कराई व्यवस्था
कुमार विश्वास के पोस्ट पर नेता प्रतिपक्ष ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जानकारी दी है कि कुमार भाई, नेहा बहन की माता जी को सदर अस्पताल में हमारे विधायक सुधाकर सिंह ने ही भर्ती कराया था। अब इनकी इच्छानुसार उन्हें नारायण मेडिकल कॉलेज, जमुहार में शिफ्ट करा रहे हैं। जरूरी दवा के लिए विधायक जी अपनी गाड़ी भेज चुके हैं। हमारी टीम लगातार नेता बहन के संपर्क में है।
बिहार चुनाव में 'का बा' से गरमाई थी सियासत
बिहार चुनाव 2020 में रैप सांग वार-पलटवार का जरिया बना था। नेहा सिंह राठौर लगातार अपने सोशल साइट पर सत्ता पर तंज कस रही थीं तो पक्ष-विपक्ष भी इसे भुनाने में लगा था। नेहा सिंह के गानों पर महागठबंधन ने पोस्टर के जरिए भाजपा पर निशाना साधा था। पोस्टर में सरकार को कठघरे में खड़ा करने वाली तस्वीरें साझा की गई थी और लिखा गया था - 'बिहार में का बा।' इसके बाद पलटवार में भाजपा ने बिहार में 'ई बा...' से जवाब दिया था। खास बात तो यह थी कि चुनाव के दौरान इसी के जरिए जुबानी जंग लड़ी जा रही थी। भाजपा ने इसका जवाब देते हुए आधा दर्जन से अधिक वीडियो बनाए थे, जिसे ऑफिशियल अकाउंट से सोशल साइट के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर लांच किया गया था।
चंदन तिवारी की मां को बचाया नहीं जा सका, उन्हें भी कोरोना था
कुछ दिन पहले ही कई राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित युवा लोक गायिका चंदन तिवारी की मां रेखा तिवारी कोराना पॉजिटिव हुईं थीं। उन्हें बचाया नहीं जा सका। लोक गायिका नेहा सिंह राठौर की मां चंपा सिंह के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना उनके फॉलोवर सहित अन्य लोग भी कर रहे हैं।