2021/04/05

समस्तीपुर में महिला की मौत,बिजली के शॉर्ट सर्किट की आग से गर्भवती महिला झुलसकर मौत

SAMASTIPUR : सिघिया थाना क्षेत्र के जीबू डिहुली गांव में शनिवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट की आग से एक घर जलकर राख हो गया। सुप्तावस्था में 22 वर्षीय गर्भवती महिला की इसमें झुलसकर मौत हो गई।

 ग्रामीणों की मदद से फायर ब्रिगेड की टीम ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। मृतका की पहचान वार्ड 10 के लालबाबू सहनी की पुत्री 22 वर्षीय साक्षी देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

शनिवार की देर रात वार्ड 10 निवासी लालबाबू सहनी के घर में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। पीड़ितों ने बताया कि घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। अचानक घर की लाइट बंद हो गई और आग लग गई। आनन- फानन में किसी तरह लोग घर से बाहर निकले। लेकिन, साक्षी घर के अंदर ही आग की लपटों से घिर गई। 

ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने का भी प्रयास किया। लेकिन, विद्युत प्रवाहित तार के कारण मजबूर हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि घर झोपड़ीनुमा ही था। इसलिए आग की लपटें चारों ओर फैल गई। देखते ही देखते पूरा घर जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन दस्ते ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। साथ ही आसपास के घरों को सुरक्षित बचा लिया गया।

बिथान थाना क्षेत्र के मालसर में ससुराल से पंद्रह दिन पूर्व ही साक्षी अपने पिता के घर आई थी। करीब एक वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। वह गर्भवती थी। जीबू डिहुली गांव के वार्ड 10 निवासी लालबाबू सहनी ने बिथान के मालसर निवासी विरपाल से पुत्री की शादी रचाई थी। 

हिदू रीति रिवाज से दोनों परिणय सूत्र में बंधे। दोनों ओर परिवार में हंसी-खुशी का माहौल था। पिछले माह बाद साक्षी ससुराल से अपने पिता के घर आई थी। शनिवार की देर रात शॉर्ट सर्किट की चिगारी से निकली आग की लपट उसे जला दिया। 

स्वजनों ने बताया कि वह गर्भवती थी। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

Source -dainik jagran