PATNA : पटना में कोरोना संक्रमण का एक अजब मामला सामने आया। पटना मेडिकल कॉलेज एंड हास्पिटल यानी पीएमसीएच में इलाज कराने आई लोहानीपुर निवासी एक महिला को जैसे ही पता चला कि वह कोरोना पॉजिटिव है, बिना डॉक्टरों की अनुमति के घर भाग गई।
सिविल सर्जन डॉ. विभा कुमारी सिंह ने बताया कि लोहानीपुर निवासी महिला के स्वजन का कहना है कि वह कोरोना संक्रमित होने की बात कहते हुए घर के अंदर नहीं आई थी।
बाहर से आवश्यक सामान लेकर अपने गांव नवादा चली गई थी। नवादा सिविल सर्जन को महिला के बारे में जानकारी दे दी गई है।
नवादा सिविल सर्जन ने महिला को आइसोलेशन में रहने का इंतजाम कर दिया है। सोमवार को नवादा और पटना दोनों जगह रहने वाले महिला के घर वालों की कोरोना जांच कराई जाएगी।
बिहार में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। इसे देखते हुए सरकार और प्रशासन ने फिर से सख्ती बढ़ा दी है।
कोरोना संक्रमित कोई भी मरीज मिलने पर उसके पूरे परिवार और सभी संपर्कितों की जांच कराई जा रही है।
दरअसल देश के कुछ हिस्सों में कोरोना के नए स्ट्रेन के सामने आने के बाद बिहार में भी सरकार और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
अभी होली को लेकर बड़ी संख्या में लोग दूसरे प्रदेशों से बिहार आ रहे हैं। ऐसे लोगों के जरिये कोरोना संक्रमण फैलने का डर बढ़ने लगा है।