2021/03/08

बिहार : रोजगार के लिए प्रदर्शन कर रहे NSUI के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज... पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर छात्रों को पीटा

PATNA : इस वक्त की बड़ी खबर पटना से आ रही है, जहां रोजगार के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे NSUI के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है. 

 केंद्र सरकार की छात्र विरोधी नीतियों और रोजगार के मुद्दे को लेकर सोमवार को एनएसयूआई के छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। गांधी मैदान थाना क्षेत्र के कारगिल व जेपी गोलंबर के पास छात्र लामबंद होकर सड़क पर उतर पड़े। 

छात्रों का हुजूम विधानसभा की ओर बढ़ने लगा तो बैरिकेडिंग कर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसको लेकर पुलिस और छात्रों के बीच झड़प शुरू हो गई। 

विवाद बढ़ने पर पुलिस ने लाठी फटकार कर छात्रों को तितर-बितर कर दिया। इसके चलते छात्रों ने भागकर अपनी जान बचायी।

दरअसल, बैरिकेडिंग किये जाने पर प्रदर्शन कर रहे छात्र रुकने को तैयार नहीं थे जबकि पुलिसकर्मी उन्हें आगे बढ़ने नहीं दे रहे थे।

 बकझक के बीच पुलिस और छात्रों के बीच में झड़प शुरू हो गयी। काफी समझाने के बाद जब छात्र नहीं माने तो पुलिस ने छात्रों को लठियाना शुरू कर दिया। लाठी भांजे जाने पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

प्रदर्शन व लाठीचार्ज के बाद अशोकराजपथ कारगिल चौक पर घंटों आवागमन बाधित रहा। इसके चलते वाहन चालकों व एंबुलेंस को भी मुसीबतों का सामान करना पड़ा। 

गांधी मैदान थानाप्रभारी रणजीत वत्स ने बताया कि फिलहाल अभी किसी छात्र को हिरासत में नहीं लिया गया और न ही किसी पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है।