2021/03/05

बिहार में पुलिसवालों पर हमला....जान बचाने के लिए पुलिस ने की फायरिंग... एक खलासी की मौत..इलाके में स्थिति तनावपूर्ण

ARA : आरा-छपरा पुल पर आज गुरुवार की शाम बड़ा हंगामा हो गया। फोरलेन पर जाम के दौरान पहुंची बड़हरा पुलिस और स्थानीय लोगों में जोरदार झड़प हो गई। 

झड़प के दौरान फायरिंग भी हुई जिसमें एक ट्रक के खलासी की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने जाम में फंसे ट्रकों में जमकर तोड़फोड़ की। 200 से अधिक की संख्या में खड़े ट्रकों पर हमला किया। कई के टायर पंचर कर दिए।

 कई के शीशे फोड़ दिए। गैस सिलिंडर लदे ट्रकों में भी लूटपाट की गई है। हालांकि स्थानीय लोग ट्रकों पर हमले का आरोप पुलिसवालों पर लगा रहे हैं। खलासी की मौत को भी पुलिस के द्वारा की गई फायरिंग से ही हुआ कह रहे हैं। मृतक के शव को रख प्रदर्शन जारी है।

 फिलहाल मौके पर डोरीगंज, दरियापुर समेत दोनों जिलों के कई थानों की टीम मौजूद है और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।

यह पूरी घटना आरा-छपरा पुल के दक्षिणी छोर पर स्थित बार्डर एरिया पुलिस चेकपोस्ट प्वाइंट के हुई है। वहां के स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस द्वारा बालू लदे ट्रकों से अवैध वसूली की जा रही थी। 

जब इसका विरोध किया गया तो ग्रामीण एवं पुलिस के बीच झड़प हो गई। झड़प के दौरान पुलिस द्वारा फायरिंग की गई जिसमें अमनौर के विष्णुपुरा गांव निवासी 22 वर्षीय सचिन कुमार की मौत हो गई।

दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि आरा-छपरा फोर लेन पर बालू लदे ओवर लोड ट्रकों का जाम लगा था। जब वे जाम हटाने गए तो ग्रामीण उलझ पड़े और हंगामा करने लगे। 

हंगामे के दौरान ग्रामीणों द्वारा ही फोरलेन पर लगे दर्जनों ट्रकों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। साथ ही जाम में फंसे घरेलू सिलेंडर से लदे एक ट्रक में लूटपाट कर दर्जनों गैस सिलेंडर को गायब कर दिया गया।

खलासी की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरा-छपरा फोरलेन जाम कर दिया और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। फोरलेन पर आरा से छपरा तक 25 किमी तक लंबा जाम लग गया है।

 फिलहाल दोनों जिलों की पुलिस मौके पहुंच ग्रामीणों को शांत कराने में जुटी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।