LAKHISARAI : लखीसराय जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही हैं।महिला दिवस के मौके पर एक प्रेमी को चुपके से अपनी प्रेमिका से मिलना महंगा पड़ गया।
लखीसराय थाना क्षेत्र के खैरी गांव से चानन थाना क्षेत्र के मननपुर बाजार आए प्रेमी की शादी करा दी गई। सोमवार को खैरी गांव निवासी रामोतार साव के पुत्र रामदुलार साव अपनी प्रेमिका से मिलने मननपुर बाजार आ गया।
लड़की वालों ने लड़के को देखते ही कमरे में उसे बंद कर दिया और चानन थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर एक चौकीदार पहुंचा और जानकारी ली। लड़की के स्वजनों ने समाज की मदद से स्थानीय शिव मंदिर में शादी करा दी। इस दौरान वहां सैकड़ों की संख्या में भीड़ लगी रही।
मननपुर बाजार निवासी मनोज साव की बेटी ललिता देवी ने बताया कि वह बालिग है और रामदुलार साव से दो साल से प्यार कर रही है। राजी-खुशी शादी करके लड़के के घर वालों को इसकी सूचना दी गई है।
उधर लड़का रामदुलार साव ने बताया कि उसे साजिश के तहत बुलाया गया और कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसकी शादी करा दी।
चानन थानाध्यक्ष वैभव कुमार ने बताया कि लड़का-लड़की को एक साथ देखकर लड़की वाले ने लड़के को कब्जे में कर लिया और दोनों की शादी करा दी है। ऐसी सूचना मिली है। यदि दोनों बालिग है तो शादी मान्य मानी जा सकती है।