2021/03/08

मजदूरी का रुपया मांगने गए युवक को पीट-पीटकर मार डाला...घटना के बाद हड़कंप...पुलिस जांच में जुटी

MOTIHARI : जिले के ढाका थाना क्षेत्र में मजदूरी मांगने गए एक युवक की पीट पीटकर हत्या कर देने का एक मामला सामने आया है. हत्या के बाद दबंगों ने मजदूर के शव को उसके घर के पास लाकर फेंक दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

 पूर्वी चंपारण के मोतिहारी स्थित ढाका थाना के रक्सा रहीमपुर गांव में शनिवार की शाम में मजदूरी का पैसा मांगने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद हड़कंप मच गया।

 लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को SDPO शिवेंद्र कुमार अनुभवी ने घटनास्थल पर पहुंच कर लोगों से पूछताछ की।

पुलिस ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। 

मृत युवक की पत्नी मेरेनाज खातून ने मो. शोएब समेत 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करवायी है। मृतक का नाम मो. नजामुद्दीन था। उसके दो बच्चे हैं और उसकी पत्नी गर्भवती है।

मेरेनाज खातून ने बताया है कि उसका पति नजामुद्दीन सोएब के घर में पूर्व में मजदूरी करता था। शनिवार को मो. शोएब के घर पैसा मांगने गया था। इस पर शोएब आनाकानी करने लगा। इसके बाद दोनों के बीच बहस होने लगी। 

नजामुद्दीन ने विरोध किया तो शोएब ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे पीटने लगा, जिससे उसके पति की मौत हो गई। मेरेनाज का कहना है कि पुलिस जल्द से जल्द हत्यारे को गिरफ्तार करे।

इधर, आरोपी मो.शोएब का घर रविवार को बंद था। आसपास के लोगों का कहना है कि वह घटना के बाद से गायब है। ग्रामीणों में घटना को लेकर कई तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म था। लोग कई तरह की बातें कर रहे थे। 

अधिकांश ग्रामीणों ने बताया कि नजामुद्दीन नशे का आदि था। उनका कहना है कि शनिवार को वह नशे में शोएब के घर गया। इसके बाद यह घटना हुई।