2021/03/04

घर से बुलाकर युवक को मार डाला...बेल्ट से गला घोंटकर घटना काे दिया अंजाम..पुलिस जांच में जुटी

PATNA : पटना के दानापुर दियारा के अकिलपुर थाना क्षेत्र के पुरानी पानापुर में घर से बुलाकर एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्‍यारों ने बीती रात बेल्ट से गला घोंटकर घटना काे अंजाम दिया। 

गुरूवार की सुबह नदी घाट किनारे शव मिला। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने स्‍थानीय पीपापुल को जाम कर आगजनी की। 

उन्‍होंने शव के साथ प्रदर्शन किया तथा पुलिस व प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में कुणाल नामक एक युवक को गिरफ्तार किया।

बताया जाता है कि पुरानीपानापुर निवासी पुण्यदेव राय का पुत्र दशरथ राय उर्फ विकास उर्फ जोकिया (23 साल) मजदूरी करता था। दो माह पूर्व उसकी शादी भागलपुर की रहने वाली रीना के साथ हुआ था। 

स्वजनों ने बताया कि बीती शाम दशरथ काम कर घर लौटा था। थोड़ी देर बाद गांव के ही कुणाल व बुचु कुछ लड़कों के साथ आए। उन्‍होंने साथ में खाना खाया। बाद में सभी दशरथ को बुलाकर ले गये। रात में वह नहीं लौटा। सुबह में जब गांव के लोग घाट की ओर गये तो गले में बेल्ट लिपटा दशरथ का शव मिला।

शव मिलने की खबर मिलते ही स्वजन व ग्रामीण घाट पर पहुंचे। घटना के विरोध में लोगों ने पीपापुल को जाम कर दिया।