2021/03/12

बिहार ब्रेकिंग : रेप में असफल रहने पर लड़की का गला काटा .....गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती

MADHUBANI : बिहार के मधुबनी जिले के लदनियां थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को शोहदों ने दुष्कर्म में असफल होने पर धारदार हथियार से एक किशोरी का गला रेत हत्या का प्रयास किया। 

किशोरी की उम्र 17 साल के करीब बतायी जाती है। घायल किशोरी को आनन-फानन में परिजन जयनगर पीएचसी ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे दरभंगा रेफर कर दिया गया।

डीएमसीएच में घटना के संबंध में पीड़िता की चाची ने बताया कि वह किशोरी मवेशी का चारा लाने के लिए घर से थोड़ी ही दूरी पर खेत गई थी। कुछ देर बाद वह अपना गला पकड़कर दरवाजे के पास पहुंची। वहां पहुंचते ही वह नीचे गिर गई। हम लोग दौड़कर उसके पास पहुंचे तो देखा कि उसका गला कटा हुआ है और वह खून से लथपथ है। 

शोर मचाने पर गांव के लोग जुट गये। सभी के सहयोग से उसे जयनगर अनुमंडल अस्पताल ले गए। जहां पीड़ित का प्राथमिक इलाज किया गया।

जयनगर में प्राथमिक इलाज करनेवाले डॉ.तनवीर आलम ने बताया कि शाम करीब पांच बजे लड़की अस्पताल पहुंची। गले के सामने का हिस्सा कटा हुआ था। 

गंभीर स्थिति में उसका इलाज शुरू किया गया। स्टीच लगाने के बाद उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। कहा कि घटना को अंजाम देनेवालों को वह नहीं पहचानती थी। पूरे मामले की जानकारी जयनगर थाना को दी गयी। 

जयनगर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने पर एसआई सर्वेश झा को बयान लेने भेजा गया था। अस्पताल पहुचने से पूर्व जख्मी लड़की रेफर हो चुकी थी। 

उसका बयान नहीं हो पाया। मालूम हो कि गुरुवार को ही पीड़िता की बहन की शादी होनी थी। इस घटना के बाद वैवाहिक कर्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। घटना की सूचना स्थानीय थाना को नहीं थी।

लदनियां थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा कोई आवेदन या टेलिफोनिक सूचना नहीं दी गयी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एक टीम रात में डीएमसीएच भेजी जा रही है ताकि पीड़ित पक्ष का बयान लिया जा सके और आगे की कार्रवाई की जा सके। वहीं एक टीम पीड़ित के घर भी भेजी जा रही है।

Source-hindustan