PATNA : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट की परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को 3:23 बजे जारी कर दिया। इस बार कुल 10,45950 परीक्षार्थी सफल हुए हैं। सफलता का प्रतिशत 78.04 रहा है। आर्ट्स में 77.97, कॉमर्स में 91.48 और साइंस में 76.28 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता पाई है। बिहार बोर्ड देश का पहला बोर्ड है जो पिछले 3 साल से देश मे सबसे पहले रिजल्ट दे रहा है। आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस तीनों संकायों में लड़कियों ने बाजी मारी है। आर्ट्स में मधु भारती, कॉमर्स में सुगंधा कुमारी और साइंस में सोनाली कुमारी टॉपर रही हैं।
मधु भारती को 463, सुगंधा कुमारी को 471 और सोनाली कुमारी को भी 471 नंबर प्राप्त हुए हैं। ऑर्ट्स में मधु भारती के साथ सिमुलतला आवासीय विद्यालय के कैलाश कुमार संयुक्त रूप से टॉपर बने हैं। ऑर्ट्स में टॉप 5 में मधु भारती के साथ कैलाश कुमार, नंदिनी भारती, अभिषेक कुमार, श्वेता रानी, शाल्वी कुमारी और प्रिया कुमारी शामिल हैं। कॉमर्स में टॉप 5 में सुगंधा कुमारी के साथ मोहम्मद चांद, प्रिति सिंह, मोहम्मद एहतेशाम, शाहिमा बानो, मैत्रिका वर्मा, रक्षा राज, सिवानी कुमारी और पीयूष साहा शामिल हैं। साइंस में टॉप 5 में जगह बनानेवालों में सोनाली कुमारी, अमन राज, नवीन कुमार, मोहम्मद शाकीद, कल्पना कुमारी और प्रियांशु राज शामिल हैं।
42 दिनों के अंदर जारी हुआ रिजल्ट
कुल 13,40267 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इस बार परीक्षा का परिणाम 42 दिनों के अंदर जारी हो गया है। शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बिहार बोर्ड के दफ्तर से रिजल्ट जारी किया। इंटरमीडिएट परीक्षा 2021 के लिए 13.50 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था और कोरोना के प्रभाव के बीच प्रदेश के 1473 केंद्रों पर परीक्षा ली गई थी। BSEB की वेबसाइट अभी नहीं खुल रही है। रिजल्ट जारी होने से पहले ही biharboardonline.bihar.gov.in वेबसाइट का सर्वर डाउन हो गया। परीक्षार्थियों को इससे काफी परेशानी हो रही है। वे अपना रिजल्ट जानने के लिए बार-बार वेबासाइट पर क्लिक कर रहे हैं। लेकिन उन्हें निराशा हाथ लग रही है। पिछले साल इंटर का रिजल्ट 39 दिन बाद आया था। इस बार 42 दिन में रिजल्ट आ रहा है।
इंटर रिजल्ट के तीनों स्ट्रीम में लड़कियों ने बाजी मार ली है। विज्ञान में सोनाली कुमारी, कॉमर्स में सुगंधा कुमारी और आर्ट्स में मधु भारती ने टॉप किया है। इस रिजल्ट के साथ ही भास्कर की उस खबर पर भी मुहर लग गई है, जिसमें हमने कहा था कि इस बार लड़कों को सिर्फ साइंस से उम्मीद है। आर्ट्स और कॉमर्स में लड़कियों ने बाजी मार ली है।
रिजल्ट जारी करने के दौरान शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि बिहार बोर्ड देश का पहला बोर्ड है जो पिछले 3 साल से देश में सबसे पहले रिजल्ट दे रहा है। इसके लिए बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर को बधाई देता हूं।
इस साल 672 परीक्षार्थियों को किया गया निष्कासित
1 से 13 फरवरी तक चली परीक्षा में 672 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया था, जबकि दूसरे की जगह परीक्षा देने वाले 75 मुन्ना भाइयों को भी पकड़ा गया था। मुन्ना भाइयों में भागलपुर सबसे अव्वल रहा, जहां से कुल 33 लोगों को पकड़ा गया था। निष्कासित परीक्षार्थियों के मामले में जमुई नंबर एक रहा, यहां 107 परीक्षार्थी को परीक्षा के दौरान नकल करते या नकल की सामग्री के साथ पकड़ा गया था।