DESK : साथी पुलिसकर्मी से प्रेम प्रसंग को लेकर एक महिला सिपाही ने ऐसी खौफनाक घटना को अंजाम दिया कि उसके बारे में जानकार आपका दिल दहल जायेगा. दरअसल एक महिला सिपाही ने वर्दीवाले आशिक के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया. जब पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा किया तो सबके होश उड़ गए.
पालघर पुलिस के पुलिस अधीक्षक दत्तात्रय शिंदे ने बताया कि वसई के मानिकपुर पुलिस स्टेशन में तैनात मृतक की पत्नी व महिला पुलिसकर्मी का अपने ही साथ काम करने वाले कॉन्स्टेबल से अफेयर था.
इस अफेयर की जानकारी महिला के पति पुंडलिक पाटिल को हो गई और दोनों के बीच इसे लेकर झगड़े होने लगे. इसी से परेशान होकर उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साज़िश रची.
साजिश के तहत स्नेहल पाटिल और उसके प्रेमी कांस्टेबल विकास पशते ने 17 फरवरी को मनोर गांव के पास पुंडलिक पाटिल को बातचीत करने के बहाने मिलने के लिए बुलाया. दोनों पहले से वहां अपने 3 अन्य साथियों के साथ मौजूद थे. जैसे ही पुंडलिक अपने ऑटो के साथ वहां पहुंचा, पीछे से उसके सिर पर लोहे की रॉड से कई वार किया गया. इस हमले से पुंडलिक की मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या को दुर्घटना का रंग देने के लिए उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ पास के नाले में ऑटो के साथ फेंक दिया था. पुलिस के मुताबिक इस हत्याकांड में शामिल 3 आरोपियों को ढाई लाख रुपये दोनों ने दिए थे.
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच शुरू की तो लेकिन सिर पर लगी चोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या है. आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज और बड़ी संख्या में कॉल रिकार्ड्स खंगालने के बाद उसकी पत्नी का नाम सामने आया. पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया.