SAMASTIPUR :समस्तीपुर जिले में पंचायत चुनाव से पहले खूनी खेल शुरू हो गया। जिले के पूसा प्रखंड की प्रमुख रविता तिवारी के पति की बदमाशों ने घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने पर परिजन उन्हें गंभीर हालत में आनन-फानन में समस्तीपुर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।
समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों ने पुुसा प्रखंड प्रमुख रविता तिवारी के पति 44 वर्षीय संतोष कुमार तिवारी उर्फ अन्नू तिवारी की बदमाशों ने घर में घुस कर गोलियों से भून दिया। उनके शरीर में तीन गोलियां लगी है। घटना उस वक्त हुई जब वे अपने पूसारोड के रेपुरा स्थित आवास पर बाथरूम जा रहे थे।
इसी बीच वहां पहुंचे कारगिल नामक एक बदमाश ने उनके शरीर में दनादन गोलियां उतार दी। जख्मी हालत में उन्हें शहर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।
वहीं उनके पूसा रोड स्थित आवास पर भी जमावड़ा लग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची । पुलिस इंस्पेक्टर कुमार बृजेश के नेतृत्व में वैनी ओपी अध्यक्ष नंदकिशोर यादव,पूसा,ताजपुर एवं बंगरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर जांच प्रारंभ कर दिया। बाथरूम खून से लथपथ था।
पुलिस ने शौचालय से पिलेट एवं एक खोखा बरामद किया है समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाई थी। सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हत्यारे के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस कई बिदुओं को सामने रखकर जांच में जुटी है।
बता दें अन्नू तिवारी का भी पूर्व की कई आपराधिक घटना में नाम आया था। हालांकि सभी मामले में फिलहाल वे जमानत पर थे। दूसरी तरफ पारिवारिक सूत्रों ने इस घटना में गांव के ही कारगिल के नाम आरोपित के रूप में सार्वजनिक किया है।
प्रभा देवी एवं रामकुमार तिवारी के इकलौते पुत्र अन्नू तिवारी भारतीय थल सेना में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2010 में उन्होंने पद से स्वैच्छिक सेवानिवृति ले ली थी।
'पूसा प्रखंड प्रमुख पति की गोली मारकर हत्या करने के मामले को लेकर पुलिस संजीदा है। हत्यारे की पहचान कर ली गई है। उसे बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के कारणों की भी पुलिस पड़ताल कर रही है। स्वजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।' प्रीतिश कुमार