हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से कार से शव को निकालने में जुटी हुई है।
हादसे में मरने वाले दो युवकों की पहचान हो गई है, जिसमें एक युवक का नाम दीपक कुमार है जो नौतन का रहने वाला बताया जा रहा है. दूसरे युवक की पहचान पूर्वी चम्पारण के हरसिद्धी निवासी आसिफ इकबाल के रूप में हुई है.
पुलिस ने इनके पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर सभी की पहचान की है. घटना के बारे में बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार एक कार लौरिया की तरफ से बेतिया की ओर आ रही थी, इसी बीच बनकटवा स्कूल के पास अचानक गाड़ी सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर के ट्राली में जा टकराई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर का ट्राली भी पलट गया और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. जोरदार आवाज के साथ जब कार टकराई तब स्थानीय लोग दौड़े जिसके बाद लोगों ने लौरिया थाना को इसकी सूचना दी.लौरिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।