GOPALGANJ : गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के अहिरवलिया गांव में बुधवार की सुबह घर में सो रही महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पति सहित सुसराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए।
बताया जाता है कि बरौली थाना क्षेत्र के नेरूरी गांव निवासी धर्मनाथ यादव की पुत्री प्रियंका कुमारी की शादी तीन साल पूर्व अहिरवलिया गांव निवासी विनय यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल आने पर प्रियंका देवी से दहेज में दो लाख रुपये की मांग की जाने लगी।
इसको लेकर उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। बाद में प्रियंका देवी के पिता ने ससुराल वालों को दो लाख रुपये दे दिया। रुपये मिलने के कुछ दिन बाद विनय यादव दिल्ली चला गया तथा वहां मजदूरी करने लगा।
इसी बीच दिल्ली में इसका एक युवती से प्रेम प्रसंग चलने लगा। यह घर कभी कभार ही आता था। तीन दिन पूर्व विनय यादव दिल्ली से अपने घर लौटा। बुधवार की सुबह चार बजे घर में सो रही प्रियंका देवी की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
इस वारदात के बाद ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मायके के लोगों ने देखा कि प्रियंका देवी का शव बिस्तर पर पड़ा है।