ग्रामीण एसपी कांतेश कुमार मिश्र, फतुहा के एसडीपीओ राजेश कुमार मांझी, थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। सूचना मिलने पर पहुंचे स्वजनों ने बताया कि शिक्षक अमरेंद्र कुमार शुक्रवार की सुबह बाइक से पटना के रामकृष्ण नगर स्थित घर से नालंदा के गुलेरियाबीघा स्थित अपने पैतृक गांव जा रहे थे।
साथ में अपनी स्कूटी पर उनकी पत्नी प्रतिमा देवी और बेटी अरमावेंसी चल रही थीं। सुकुलपुर गांव के समीप एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने स्कूटी को ओवरटेक कर रोक दिया और बाइक सवार शिक्षक को सामने से सीने में गोली मार दी।
गोली लगते ही अमरेंद्र कुमार बाइक से नीचे गिर गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। अमरेंद्र को एनएमसीएच ले जाया गया जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
अमरेंद्र के बैग से मिले चार लाख रुपये
घटनास्थल पर अमरेंद्र के बैग से चार लाख रुपये बरामद हुए। स्वजनों ने बताया कि उन्होंने दनियावां में एक जमीन खरीदी थी। उसकी राशि जमीन मालिक को देने जा रहे थे।
शिक्षक के मौत के बाद पत्नी और बेटी रो-रोकर बेहोश हो रही हैं। एसडीपीओ ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
