2021/03/02

मनचलों का आतंक... छेड़खानी का विरोध करने पर लड़की के पिता को मारी गोली...पुलिस जाँच में जुटी

DESK : उत्तर प्रदेश के हाथरस में बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करना एक पिता को महंगा पड़ गया. शिकायत से चिढ़े शोहदों ने लड़की के पिता पर कई राउंड गोलियां चलाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी.

घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची अमरीश की बेटी हतप्रभ रह गयी. पिता की मौत की सूचना मिलने पर वह हत्यारों पर बिफर पड़ी. 

अस्पताल परिसर में ही उसने मौजूद लोगों के सामने रो-रो कर न्याय की गुहार लगाने लगी. हत्यारों को कोसने लगी. साथ ही हत्या किये जाने का कारण भी लड़की रो-रो कर बताने लगी.

वहीं, वीडियो क्लिप में पीड़िता बेटी रो-रो कर बता रही है कि ''मेरे साथ छेड़छाड़ की शिकायत पिता ने थाने में कर दी थी. इसी बात को लेकर मेरे पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है.'' रोते हुए लड़की ने पिता को गोली मारनेवाले का नाम गौरव शर्मा बताया है. गौरव और उसके तीन साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करके पिता की हत्या कर दी.

सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव नौजरपुर में सोमवार की शाम ताबड़तोड़ फायरिग कर खेत में आलू की खोदाई कर रहे किसान की हत्या कर दी गई। हत्यारोपित स्विफ्ट कार से भाग गए। घटना के पीछे दो साल पुरानी रंजिश बताई गई है।

गांव नौजरपुर निवासी 52 वर्षीय अमरीश शर्मा आलू की खोदाई करा रहे थे। कुछ मजदूर आलू की बिनाई में लगे थे। तभी आरोपित गौरव शर्मा, रोहिताश शर्मा, निखिल शर्मा व ललितेश शर्मा अपने दो अन्य साथियों के साथ खेत पर हथियारों से लैस होकर पहुंचे।

 यहां उन्होंने दो साल पहले अमरीश शर्मा के परिवार की एक लड़की की ओर से दर्ज कराए गए छेड़छाड़ के मुकदमे में समझौते के लिए धमकाते हुए फायरिग कर दी। कई राउंड फायरिग में अमरीश शर्मा गोली लगने से वहीं गिर पड़े। 

खेत पर भगदड़ मच गई। आरोपित कार से भाग गए। पुलिस की मदद से अमरीश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्हें कई गोली लगी है।

दिनदहाड़े हत्या की सूचना पर सीओ सिटी रुचि गुप्ता, इंस्पेक्टर गौरव सक्सेना ने मौके पर पहुंचे। इस मामले में मृतक की बेटी ने गौरव शर्मा मूल निवासी गांव सोंगरा, थाना जवां (अलीगढ़) समेत छह लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। 

गौरव के पिता श्रावस्ती जनपद में कृषि विभाग में कार्यरत हैं। गौरव परिवार के साथ वहीं रहता था। नौजरपुर में अपनी मौसी के यहां उसका आना-जाना था। 

गौरव के खिलाफ ही मृतक के परिवार की एक लड़की ने छेड़छाड़ का मुकदमा 16 जुलाई 2018 को दर्ज कराया था, जिसमें गौरव जेल भी गया था। दोनों पक्षों में तभी से रंजिश चली आ रही थी। 

डीएसपी रूचि गुप्ता ने बताया है कि वारदात के सिलसिले में मृतक के परिजनों द्वारा नामजद तहरीर दी है. मामले में पुलिस वैधानिक कार्रवाई करने जा रही है.