GOPALGANJ : बिहार में पंचायत चुनाव की तारीखें जैसे%जैसे नजदीक आ रही हैं, वैसे ही खूनी खेल भी शुरू होने लगा है. ताजा मामला गोपालगंज जिले का है, जहां के कुचायकोट के सासामुसा पंचायत के शीतल बरदाहा गांव में पंचायत चुनाव को लेकर जनसंपर्क अभियान के दौरान 25 वर्षीय युवक को गोली मार दी गई. गोली लगने से घायल युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के अनुसार परिजन के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। चुनावी रंजिश में घटना हुई है। आरोपी की तलाश चल रही है।
पुलिस इस मामले में कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है। घायल की पहचान शीतल बरदाहा गांव निवासी 25 वर्षीय अभिमन्यु कुमार सिंह के रूप में हुई है।
घायल के परिजन प्रिंस सिंह ने बताया कि अभिमन्यु मेरे साथ रविवार रात को पंचायत चुनाव के लिए वार्ड नंबर 12 में लोगों से मिलजुल रहा था। देर रात चुनाव प्रचार-प्रसार खत्म होने के बाद वह हमलोग घर लौटने लगे।
अभिमन्यु अपनी बाइक स्टार्ट कर रहा था, तभी सासामुसा पंचायत के मुखिया अपने भतीजे के साथ वहां पहुंच गया और बहस करने लगा।
अभिमन्यु ने विरोध किया तो मुखिया व उसके भतीजे ने गोली मार दी और फरार हो गए। इसके बाद हमलोग उसे अस्पताल लेकर गए। पुलिस जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करे।