ARA : भोजपुर में सिपाही भर्ती की परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा हाई स्कूल मोड़ के पास हुई। रविवार की सुबह छात्र अपने जीजा के साथ बाइक से परीक्षा देने पटना जा रहा था।
इसी दौरान बेलगाम ट्रैक्टर ने बाइक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके जीजा की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई।
मृतक की पहचान चांदी थाना क्षेत्र के रामडीहल टोला गांव निवासी सत्येंद्र सिंह का पुत्र लवकुश कुमार (18) के रूप में हुई है। वहीं उसका जीजा उदवंतनगर थाना क्षेत्र के घोड़पोखर गांव निवासी रामाज्ञा सिंह का पुत्र उत्पल कांत घायल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर चालक की पहचान की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।