PATNA : इस वक्त एक बड़ी खबर पटना से सामने आ रही है, जहां एक शख्स ने लाठी-डंडे और रॉड से एक किन्नर की पिटाई कर दी है. इस घटना के बाद काफी बवाल हो गया है. सैकड़ों किन्नरों ने रूपसपुर थाना को घेर लिया है. पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. दो थानों की टीम नाराज किन्नरों को समझाने में जुटी हुई है.
असल में किन्नरों का एक समूह गुरुवार को शिवशक्ति आकांक्षा अपार्टमेंट में बधाई मांगने के लिए गया था। वहीं फ्लैट नंबर 101 में रहने वाले श्याम नंदन शर्मा ने इन सभी के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। किन्नरों का आरोप है कि श्याम नंदन ने उनका 50 हजार रुपया और सोने की चेन भी छीन लिया है।
थाना में हंगामा करने के दौरान एक किन्नर ने बड़ा गंभीर आरोप लगाया है। कहा कि जब उसके तीन साथी पिटाई से घायल हुए तो उन्होंने रूपसपुर थाना को इसकी जानकारी दी। मौके पर पुलिस पहुंची भी।
आरोपी युवक को पकड़ा गया। लेकिन पुलिस उसे कार में बैठाकर थाना ले गई जबकि, घायल किन्नर को ऑटो में बैठाकर हॉस्पिटल ले जाया गया। इस घटना को लेकर किसी प्रकार की गंभीरता नहीं दिखाई गई।
एक किन्नर का आरोप है कि सवाल पूछने पर पुलिस के सामने आरोपी ने उसे थप्पड़ मार दिया। दरअसल, उसने आरोपी से सवाल किया था कि बेवजह हमारे साथियों को बुरी तरह से क्यों मारा? लोहे के रॉड से उनके ऊपर क्यों वार किया था? लेकिन, इन सवालों का जवाब देने की जगह उसने किन्नर के गाल पर जोरदार थप्पड़ ही जड़ दिया। बवाल को बढ़ता देख रूपसपुर थाना की पुलिस ने किन्नर के बयान पर FIR दर्ज कर लिया है।
कई किन्नर रूपसपुर थाना पहुंच गए और अर्ध नग्न होकर पुलिस के सामने प्रदर्शन करने लगे. किन्नरों की ऐसी स्थिति देख पुलिसवाले भी थाना छोड़कर भाग निकले. हालांकि बाद में दानापुर थाना की टीम को बुलाया गया, जिन्होंने जैसे-तैसे कर नाराज किन्नरों को मनाया और उनको भरोसा दिया कि पुलिस विधि सम्मत कार्रवाई करेगी.