DESK : यूपी के गोंडा में एक अजीबोगरीब मामला रविवार को वजीरगंज थाने में आया। मामला मारपीट, छिनैती का नहीं था बल्कि पुलिस से गुहार लगाई गई कि पुलिस उनकी शादी करवा दे।
रविवार को एक प्रेमी युगल थाने पहुंचा और प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी को बालिग होने के प्रमाण-पत्र दिखाए। वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अपने पड़ोसी की युवती से प्रेम करता है और वही युवती उसके साथ है।
युवती ने भी प्रभारी निरीक्षक से कहा कि वह दोनों शादी करना चाहते हैं। जानकारी दी कि परिवार के लोगों को भी उनके संबंधों का पता है।
दोनों ने प्रभारी निरीक्षक से शादी कराने की मांग की। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने दोनों के परिजनों को जानकारी देकर थाने बुला लिया। दोनों के परिजनों से बात की गई तो परिजनों ने 15 दिन का समय मांगते हुए लिखकर समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया।
पुलिस ने यह भी कहा कि यह दोनों बालिग हैं, उनकी भावनाओं का ख्याल रखकर फैसला किया जाए, किसी को प्रताड़ित न किया जाए। इसके बाद दोनों को परिजनों के साथ भेज दिया गया।