ARARIA : बिहार के अररिया में हाजत में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद बवाल मच गया है। मृतक बौसीं थाना क्षेत्र के महशैली गांव के मोहम्मद लइक का 34 साल का बेटा इमरान उर्फ एक्का था।
बौसीं पुलिस देर रात को इमरान को पकड़कर थाना लायी। इसके बाद रविवार की अहले इमरान गमछे का फंदा बनाकर लटक गया। घटना की सारी वारदात बौसीं थाना के हाजत में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है।
इस घटना के बाद बौसीं पुलिस इमरान को लेकर रानीगंज रेफरल अस्पताल पहुंची। यहां पर मौजूद चिकित्सक अनवार आलम ने इमरान को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बौसीं पुलिस शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया पहुंची।
शव के सदर अस्पताल पहुंचते ही मृतक के परिजन आक्रोशित हो उठे और सदर अस्पताल अररिया में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने घंटो तक सदर अस्पताल में हंगामा मचाया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी हृदयकान्त व मुख्यालय डीएसपी दलबल के साथ रेफरल अस्पताल पहुंचे।
एसपी के पहुंचने के बाद परिजन और आक्रोशित हो उठे और जमकर तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। हो हंगामे के दौरान पुलिसकर्मियों को भी परिजनों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। कुछ पुलिस कर्मियों को चोट भी लगने की बात सामने आयी है।
इधर घटना को लेकर बौसीं थाना के समीप ग्रामीणों ने हो हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद फारबिसगंज डीएसपी रामपुकार सिंह, पुलिस निरक्षक श्यामसुंदर राय, रानीगंज थानाध्यक्ष श्यामनंदन यादव, सिमराहा थानाध्यक्ष साजिद आलम, भरगामा थाना पुलिस बौसीं थाना पहुंचकर आक्रोशित लोगों को शांत किया।
इधर मामले को लेकर एसपी हृदयकान्त ने बताया की पिछले दिनों बौसीं थाना क्षेत्र की महिला की हत्या मामले में गिरफ्तार करने के बाद थाना लायी थी। युवक ने थाना हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या किया है। मामले की जांच की बात एसपी ने कही।