2021/03/15

समस्तीपुर में अलग- अलग जगहों पर डूबने से मासूम समेत 2 की मौत, गॉंव में मचा कोहराम

SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रहीं हैं जहां कल्याणपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग दो जगहों पर डूबने से एक बालक व एक युवक की मौत हो गयी। 

जहां मधुरापुर घाट पर रविवार दोपहर स्नान के दौरान युवक डूब गया, वहीं शनिवार शाम भागीरथपुर गाडा में नहर से गेंद निकालने में प्रयास में डूबने से बालक मर गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, मधुरापुर तारा पंचायत में बूढ़ी गंडक के मधुरापुर घाट पर रविवार दोपहर में स्नान करने के दौरान मोहनपुर गांव निवासी श्रीकिशुन राम के पुत्र गनौर राम (40) की डूबने से मौत हो गई। 


ग्रामीणों ने बताया कि गांव के दो-तीन लोग मधुरापुर घाट पर स्नान करने गए थे। उसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के बाद गनौर राम अपने को डूबते देख बचाने के लिए चिल्लाया भी परंतु नदी में नहा रहे अन्य लोग जब तक पहुंचते तब तक वह डूब चुका था। लोगों ने इसकी सूचना गांव में जाकर परिजनों और अन्य लोगों को दी।


जिस पर परिजन सहित गांव के लोग पहुंचे। इससे नदी किनारे लोगों की भीड़ लग गयी। गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचे और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजवाया।

इससे पहले भागीरथपुर पंचायत के भागीरथपुर गाडा सीमा के समीप शनिवार शाम खेलने के दौरान नहर से गेंद निकालने के प्रयास में एक मासूम डूब गया।

 घटना की जानकारी मिलते ही परिजन सहित गांव के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद नहर से उसे बाहर निकाल इलाज के लिए निजी क्लिनिक में ले गए। 

जहां देखने के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान वैशाली जिले के तीसीऔता थाना क्षेत्र के मकईया चकिया गांव निवासी शिवचंद्र साहनी के पांच वर्षीय पुत्र विराज कुमार के रूप में हुई है। फिलहाल वह नाना के घर पर था।