SAMASTIPUR : निगरानी विभाग की टीम ने बुधवार को समस्तीपुर जिले के बिथान प्रखंड में पदस्थापित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) संजय कुमार को रिश्वत में 10 हजार रुपया लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार को अपने साथ लेकर चली गई।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के खिलाफ उत्क्रमित मध्य विद्यालय केलबाड़ी के शिक्षक विकास कुमार ने एरियर बनाने के एवज 10 हजार रुपया रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए निगरानी में एक केस दर्ज कराया था।
बुधवार शाम बीईओ बीआरसी में बैठा था। उसी समय विकास उससे मिलने गया और पहले से तय 10 हजार की राशि उसे सिपुर्द की। राशि देते ही पहले से सिविल ड्रेस में वहां मौजूद निगरानी की टीम ने बीईओ को दबोच लिया।
बताया जाता है कि तीन सफेद स्काॢपयों से पहुंची निगरानी की टीम बिथान में सुबह करीब दस बजे से ही मुस्तैद थी। सादे लिबास में उसके कर्मी इधर-उधर तैनात थे। काफी देर बाद शाम करीब साढ़े चार बजे बीईओ बीआरसी पर पहुंचे तो वहां टीम ने यह कार्रवाई की।
अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद पूरे शिक्षा विभाग में खलबली मच गई। बीआरसी पर मौजूद अन्य लोग कुछ समझ पाते तबतक निगरानी की टीम ने अपनी कार्रवाई कर डाली थी। बताया जाता है कि टीम सीधे बीईओ कोंं लेते हुए पटना चली गई।
हसनपुर थाना के मालदह निवासी शिक्षक विकास कुमार ने बताया कि उनका सात साल का एरियर बकाया था। इसकी निकासी के लिए दर्जनों बार बीईओ से कहा गया लेकिन वह बिना रिश्वत के यह काम नहीं करना चाह रहा था। मजबूरन मैंने निगरानी का सहारा लिया।