2021/03/14

बिहार : 10 साल की लड़की से बलात्कार की कोशिश, चीखती-चिल्लाती रही पीड़िता, अश्लील वीडियो किया वायरल

MADHUBANI : बिहार के मधुबनी जिले के हरलाखी थाना के एक गांव में घास काटने गई एक 10 वर्षीय लड़की के साथ शोहदे ने दुष्कर्म की कोशिश की। इस दौरान शोहदे के तीन दोस्तों ने उसका वीडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया। घटना शुक्रवार शाम की है।

 घटना के दौरान लड़की चीखने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े और एक आरोपित को पकड़ लिया। उसके पास से एक मोबाइल मिला, जिसमे अश्लील वीडियो और फोटो था। उसी वीडियो को आरोपितों ने वायरल कर दिया था। हरलाखी पुलिस ने लड़की को शनिवार दोपहर बाद मेडिकल के लिए भेज दिया।  

एफआईआर में दिए पीड़िता के भाभी के बयान के मुताबिक खेत से आ रही लड़की की चीख सुनकर वे लोग पहुंचे। घटनास्थल के भागते हुए एक आरोपित को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी और पकड़े गए आरोपित को पुलिस के हवाले कर दिया। 

पुलिस ने जब पूछताछ शुरू की तो सभी आरोपितों की पहचान कर ली गयी। त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के दौरान जख्मी लड़की का पीएचसी में इलाज करवाया गया। जहां पीड़िता की भाभी के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।

बेनीपट्टी एसडीपीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों ने दुष्कर्म का प्रयास किया है। मेडिकल रिपोर्ट में अन्य बातों का खुलासा होगा। घटना में संलिप्त सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपियों को कठोर सजा दिलाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।