MUZAFFARPUR : भगवान को साक्षी मानकर लड़की के गले में माला पहनाया, मांग में सिंदूर भरकर सात जन्मों का साथ निभाने की झूठी कसमें खाई। मंदिर से बाहर निकला तो भी मन में खोट। एक महीने तक पत्नी बनाकर हवस पूरी करता रहा और फिर आज उसे पुल से नीचे फेंक अपने रास्ते से हटाने की कोशिश की।
युवती मुजफ्फरपुर के बोचहा थाना इलाके के एक गांव की है। ढोंगी प्रेमी ने प्यार का झांसा देकर मंदिर ले जाकर शादी रचा ली। एक माह तक संबंध बनाने के बाद जब वह गर्भवती हो गई तो उसे न केवल ठुकरा दिया, बल्कि अखाड़ाघाट पुल से नदी में धकेल कर जान लेने की कोशिश की।
गर्भवती पीड़िता ने SSP के पास पहुंच कर धोखेबाज प्रेमी पर कार्रवाई की गुहार लगाई, जिसके बाद महिला थाने में युवती के बयान पर केस दर्ज किया गया। इसमें युवती ने अपने पड़ोसी के रिश्तेदार विकास कुमार को आरोपी बनाया है। वह शेखपुर ओम बिल्डिंग के समीप का रहने वाला है। महिला थानेदार नीरू कुमारी ने बताया कि युवती की मेडिकल जांच कराई गई है।
युवती ने महिला थानेदार को बताया कि विकास अपने रिश्तेदार के घर अक्सर आता था। इस दौरान दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई। बाद में मामला प्रेम प्रसंग तक पहुंच गया। पिछले साल अक्टूबर में कोचिंग जा रही थी तो रास्ते में उसने बाइक पर बैठा लिया।
सिकंदरपुर स्थित एक मंदिर में ले जाकर उसकी मांग में सिंदूर भरा, फिर कहा कि अब तुम मेरी पत्नी हो। युवती ने जब ससुराल ले चलने के लिए कहा तो उसने उसे अपने एक दोस्त के घर ले जाकर रख दिया। इस तरह पत्नी की तरह रखकर एक माह तक उसकी अस्मत से खेलता रहा।
युवती जब गर्भवती हो गई तो ससुराल ले चलने के लिए बार-बार विकास पर दबाव बनाने लगी। इस पर 27 जनवरी को विकास उसे बाइक से अखाड़ाघाट पुल पर लाया। पुल से नदी में धकेल कर गिराने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे तो आरोपित भाग निकला।
किसी तरह उसने विकास के घर पहुंच कर सारी बात बताई, लेकिन ससुराल वालों ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया। उसके साथ मारपीट की। तब वह अपने ननिहाल चली गई। शनिवार को SSP के पास फरियाद लेकर पहुंची तो केस दर्ज किया गया।