सतीश का भाई भी अस्पताल में भर्ती
फ़ूड पॉइजनिंग से जान गंवाने वाले सतीश का बड़ा भाई नीतिश कुमार भी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती है। उसने बताया कि सतीश को पेट दर्द व उल्टी-दस्त होने लगा था। इलाज कराया गया लेकिन रविवार की दोपहर बाद घर पर ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल में इलाज करा रहे अन्य लोगों ने कहा कि जो भोज में शामिल नहीं हुए थे, वह भी बीमार हो गए हैं। उन्हें भी पेट-दर्द समेत उल्टी एवं दस्त हो रहा है।
रविवार देर शाम तक जारी है बीमारों के आने का सिलसिला
फिलहाल अनुमंडलीय अस्पताल समेत निजी क्लिनिक में करीब 35 लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें विकास कुमार, राजा कुमार, वरुण कुमार, रिंकी कुमारी, प्रीति कुमारी, रानी कुमारी, दिलीप कुमार, मुकेश कुमार यादव, सूरज नारायण यादव, मांझा देवी, दिलखुश कुमार, उषा कुमारी, रीना देवी, मनखुश कुमार, सिंपी कुमारी, छोटी यादव, नीतीश कुमार, मनीष कुमार, ज्योति कुमारी, सविता देवी, अंकित कुमार, शुभम कुमार, ललित यादव, देवी कुमारी शामिल है। इसके साथ ही रविवार की देर शाम तक फूड प्वाइजनिंग के शिकार अन्य बीमार लोगों का उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल आने का सिलसिला जारी है।
सुपौल से भेजी गई मेडिकल टीम
त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पदाधिकारी एस जेड हसन ने बताया कि घटना की जानकारी सुपौल DM को दे दी गई है। DM के निर्देशानुसार सुपौल से मेडिकल टीम भेजी जा रही है। अपर अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार को अस्पताल का जायजा लेने का निर्देश दिया गया है। इधर बीमार लोगों का उपचार कर रहे अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ उमेश कुमार मंडल ने बताया कि सभी फूड प्वाइजनिंग के शिकार बने है। सभी का उपचार किया जा रहा है।