BUXAR : बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा का आज चौथा दिन है। शुक्रवार को सामाजिक विज्ञान का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले आउट होने का मामला अभी थमा भी नहीं था कि लगातार दूसरे दिन शनिवार को द्वितीय पाली में अंग्रेजी की परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रश्नपत्र वायरल हाेने की सूचना पर हडकंप मच गया।
बक्सर में केएनएस कॉलेज के बाहर दो युवकों को प्रश्नपत्र का पूरा सेट वायरल करते दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। केंद्र के दंडाधिकारी के बयान पर दोनों के युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बाद में प्रश्न पत्र की जांच के बाद फर्जी पाया गया । प्रतीत होता है कि फर्जी प्रश्न पत्र बनाकर छात्रों व परिजनों से रुपये ऐंठने वाला गिरोह भी सक्रिय हो गया है।
बहरहाल, सेंटर पर तैनात जिला योजना पदाधिकारी ने एफआइआर में दिए बयान में कहा है कि नावानगर थाना के रामपुर के कमलेश यादव का पुत्र धर्मेन्द्र कुमार और मझरिया के प्रभाकर गुप्ता का पुत्र गौतम कुमार सेंटर से 100 मीटर के भीतर लगभग एक बजे मोबाइल से पेपर वायरल कर रहे थे। पुलिस की टीम पहुंची तो वे लोग भागने लगे।
दोनों को पकड़ा गया एवं उनके मोबाइल की जांच हुई तो तलाशी के क्रम में द्वितीय पाली के कई सेट लगभग 99 पेज का मोबाइल में उपलब्ध था। उन दोनों ने बताया कि उनके सगे संबंधी सेंटर पर परीक्षा दे रहे हैं। जांच के क्रम में गौतम कुमार ने बताया कि ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के महुआर का पंकज सर ने उनके मोबाइल पर पेपर भेजा है। घटना की पुष्टि सदर एसडीओ कृष्ण कुमार उपाध्याय ने की।