2021/02/15

बड़ी खबर: युवराज सिंह पर टूटा आफत का पहाड़....पुलिस ने संगीन धाराओं में दर्ज की FIR

DESK : इंटरनेट मीडिया पर अनुसूचित जाति से संबंधित टिप्पणी करने के मामले में  iwoZ क्रिकेटर युवराज सिंह के खिलाफ आखिरकार हांसी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बीते साल जून महीने में युवराज के खिलाफ सोशल एक्टिविस्ट रजत कलसन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई नहीं करने के खिलाफ शिकायतकर्ता कोर्ट में भी याचिका दायर कर चुके हैं।

युवराज पर कई संगीन धाराओं में रपट लिखी गई, जिनमें IPC की धारा 153, 153 A, 295, 505 के अलावा SC/ST एक्‍ट की धाराएं भी शामिल हैं.

बता दें कि युवराज सिंह पर आरोप है कि उन्‍होंने पिछले वर्ष रोहित शर्मा से लाइव चैट में युजवेंद्र चहल पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस मामले में नेशनल अलायंस और दलित ह्यूमन राइट्स के संयोजक रजत कलसन ने हांसी पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। पुलिस ने शिकायतकर्ता द्वारा सौंपी गई सीडी को पिछले वर्ष 10 अगस्त को पंचकूला स्थित साइबर सेल की लैब में भेजा था।

लंबी प्रक्रिया के बाद 21 सितंबर को लैब से रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। इस मामले में हांसी पुलिस ने चंडीगढ़ पुलिस को भी मामले में कार्रवाई के लिए शिकायत भेजी थी। मामले में शिकायतकर्ता अधिवक्ता रजत कलसन सेशन कोर्ट में याचिका दायर कर पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट पेश करने की गुहार लगा चुके हैं। कोर्ट ने आगामी 4 अप्रैल तक पुलिस को स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए थे। पुलिस पर भी मामले में दबाव था, क्योंकि लैब की रिपोर्ट भी आ चुकी थी और अनुसूचित जाति से मामला जुड़ा हुआ था।

पुलिस को शिकायतकर्ता ने जो सीडी दी थी उसकी लैब में जांच की गई। साइबर सेल की लैब की जांच में सामने आया कि सीडी कॉपी की गई है और असली वीडियो मिलने पर ही प्रामाणिकता की पुष्टि हो सकती है। इस मामले में पुलिस ने कानूनी राय भी ली थी। लंबे समय से ढीली कार्रवाई कर रही पुलिस ने अचानक रविवार को युवराज सिंह के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।