2021/02/20

BJP की महिला नेता ने पूर्व सांसद पर किया केस, गंदे कमेंट और गाली-गलौज करने का आरोप

DESK : आम आदमी पार्टी का दामन छोड़कर भाजपा(BJP) में शामिल हुईं नेता शाजिया इल्मी ने बसपा  के पूर्व सांसद अकबर अहमद डंपी पर बदसलूकी का आरोप लगाया है. इस संबंध में शाजिया इल्मी ने दिल्ली के वसंत कुंज थाने में अभद्रतापूर्ण व्यवहार करने की शिकायत दर्ज करा दी है.

दर्ज शिकायत की बात करें तो इल्मी ने डंपी पर आरोप लगाया है कि पिछले पांच फरवरी को वो एक रात्रि भोज में शिरकत करने पहुंचीं थीं. यहां अकबर डंपी भी मौजूद थे. इस रात्रि भोज में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

किस धारा के तहत मामला दर्ज : वसंत कुंज साउथ थाने में मामला दर्ज किया गया है. 7 फरवरी को आईपीसी की धारा 506 (धमकी देना) और 509 (किसी महिला का अनादर करना) के तहत एफआईआर दर्ज  करने का काम पुलिस की ओर से किया गया है.

शाजिया इल्मी कौन हैं : शाजिया इल्मी की बात करें तो वह पत्रकार रह चुकीं हैं. इल्मी ने अपना राजनीतिक करियर आम आदमी पार्टी के साथ शुरू किया था. हालांकि कुछ सालों के बाद उन्होंने अरविंद केजरीवाल की पार्टी का साथ छोड़ दिया और भाजपा का दामन थाम लिया. अक्सर टीवी चैनलों पर भाजपा का पक्ष शाजिया इल्मी रखती नजर आती हैं. शाजिया मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर की रहने वाली हैं.

अकबर अहमद डंपी : अकबर अहमद डंपी मायावती की पार्टी बसपा के नेता हैं. डंपी आजमगढ़ से बसपा के टिकट पर सांसद भी रह चुके हैं. वह अक्सर वे ऐसे बयान देते नजर आते हैं जो मीडिया की सुर्खियां बन जाती है.