2021/02/13

दहेज लेकर शादी से इनकार करना CRPF जवान को पड़ा महंगा, पुलिस ने घर के बाहर चिपकाया इश्तेहार

DESK : जमशेदपुर की सीतारामडेरा थाना की पुलिस ने 12 लाख रुपये दहेज लेकर शादी करने से इंकार करने के मामले में फरार सीआरपीएफ जवान विक्रम सिंह के बिहार गया जिले के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के कलेर गांव आवास पर फरारी का इश्तेहार चस्पा कर दिया है। बावजूद आरोपित जमशेदपुर अदालत में उपस्थित नहीं हुए तो पुलिस कुर्की जब्ती की कार्रवाई करेगी।

जवान और उसके पिता चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय से गिरफ्तारी का वारंट जारी है। जवान झारखंड के खूंटी जिले में सीआरपीएफ नौ बटालियन में पदस्थापित है। 

पिता-पुत्र की तलाश में पुलिस टीम गया और खूंटी भी गई थी। कोई जानकारी नहीं मिलने पर वापस लौट गई थी। सीतारामडेरा भुइंयाडीह बस स्टैंड टीओपी में पदस्थापित हवलदार रविंद्र सिंह ने अपनी बेटी रिजू कुमारी की शादी गया(बिहार) मगल मेडिकल थाना क्षेत्र निवासी सीआरपीएफ के जवान विक्रम सिंह से तय किया था। सगाई 11 मार्च 2020 में रीति-रिवाज के साथ हुई थी।

 तिलक की तारीख एक सितंबर को रखी गई थी। लड़का पक्ष ने 9 सितंबर को शादी की तारीख तय की गई थी, लेकिन फिर लड़के वालों ने शादी की तारीख आगे बढ़ाकर दिसंबर में करने को कहा जिसके बाद लड़की पक्ष वालों ने शादी को लेकर बैंड पार्टी, रेस्टोरेंट, ऑर्केस्ट्रा सहित अन्य सामानों की बुकिंग कर ली गई थी।

उसी दरम्यान कोविड-19 कोरोना वायरस के चलतेे तारीख बढ़ता जा रहा था। वर पक्ष वाले शादी की समान खरीदने के नाम पर कुल 12 लाख रुपए ले लिए। दिसंबर तक टाल-मटोल करते हुए शादी करने से इंकार कर दिया। दिए गए रुपये और सामान वापस करने को कहा गया। उसे भी देने से इंकार कर दिया। 

सीतारामडेरा थाना में विक्रम सिंह, उसके पिता चंद्रशेखर सिंह समेत सरोज देवी, पवन सिंह, उर्फ पप्पू, विक्रम सिंह, पूनम देवी व पम्मी देवी के खिलाफ रिजू कुमारी ने सीतारामडेरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। इस मामले में सीतारामडेरा थाना की पुलिस ने अदालत से पिता-पुत्र की गिरफ्तारी का वारंट लिया। इस वर्ष 23 जनवरी को पुलिस खूंटी में सीआरपीएफ नौ बटालियन में पदस्थापित विक्रम सिंह की तलाश में गई थी।