SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले से अपहृत दिल्ली पूर्वाचल के भाजपा नेता व कुरियर कंपनी के मालिक को सिमरी थाने की पुलिस ने सोमवार की रात सिमरी स्थित जय गुरुदेव लाइन होटल के पास फोरलेन से बरामद किया। अपहृत व समस्तीपुर जिले के अंगारघाट थाने के चैता उतरी गांव निवासी रामकिशोर राय के पुत्र राजारमण राय उर्फ दीपक राय को एक स्कार्पियो से लाइन होटल के पास उतार दिया गया। इसके बाद भाजपा नेता बदहवास अवस्था में रोते हुए होटल संचालक नीरज सिंह के पास पहुंचा और बताया कि उसे बदमाशों ने अपहरण कर लिया था।
उसे यहां पर स्कार्पियो से नीचे उतार कर सभी बदमाश गाड़ी लेकर फरार हो गए। इसके बाद होटल संचालक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष हरिकिशोर यादव ने त्वरित कार्रवाई कर अपहृत दीपक कुमार को बरामद कर पूछताछ की। साथ ही घटना की सूचना समस्तीपुर पुलिस को दी। रात में ही समस्तीपुर पुलिस पहुंची, जिसे सिमरी थाने की पुलिस ने दीपक को सौंप दिया। बताया जाता है कि दीपक दिल्ली में एक कूरियर कंपनी के मालिक हैं।
दिल्ली पूर्वांचल भाजपा के बड़े नेता हैं। छठ के मौके पर वह अपने गांव आया था। जहां से वह 14 दिसंबर 2020 को अपने ससुराल समस्तीपुर के पूसा स्थित दिघरा गांव के लिए बाइक से निकला था। जहां वह रास्ता से लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब पता नहीं चला तो अंगारघाट थाने में उसके अपहरण होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उसके बरामदगी को लेकर लगातार घरना-प्रदर्शन जारी रहा।
इधर, स्वजनों का कहना था कि दीपक ने अपनी पत्नी के नाम काफी संपत्ति कर रखी थी। जिसे पत्नी ने बेच दिया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। इस मामले को सुलझाने के लिए ससुराल वालों ने दीपक को अपने घर बुलाया था। जहां जाने दौरान उसका अपहरण हो गया था। -