SAMASTIPUR : मोरवा प्रखंड के हलई ओपी क्षेत्र अंतर्गत बाजितपुर करनैल पंचायत के बाजितपुर चौक स्थित दस दुकानों से सोमवार की रात नकदी सहित लाखों की चोरी कर ली गई। घटना से आक्रोशित दुकानदारों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने मंगलवार को समस्तीपुर- पटोरी मुख्य मार्ग को जाम कर यातायात अवरुद्ध कर दिया। इससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आक्रोशित दुकानदार चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने एवं सामान की बरामदगी की मांग कर रहे थे।
बताया जाता है कि सोमवार की रात किराना दुकानदार रामनाथ चौधरी की दुकान से पैंसठ हजार नकदी सहित लाखों के सामान की चोरी हो गई। वहीं नन्द किशोर राय एवं विपिन कुमार राय के किराना दुकान एवं जन वितरण दुकान से पन्द्रह हजार नकदी सहित लाखों के सामान चोरी कर ली गई। मनोज राय, राजेंद्र साह सहित लगभग दस दुकानों के शटर तोड़कर नकदी सहित लगभग दस लाख से अधिक की चोरी कर ली गई है।
बताया जाता है कि दुकानदार ठंड के कारण रात लगभग नौ बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। सुबह पहुंचने पर दुकान का ताला टूटा हआ पाया। ओपी अध्यक्ष संदीप कुमार पाल पुलिस बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर चोरी की घटना की जांच की। ओपी अध्यक्ष द्वारा चोरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया।
बावजूद आक्रोशित लोग सड़क जाम करते रहे। दूरभाष पर पटोरी डीएसपी विजय कुमार से वार्ता के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। बाद में पटोरी डीएसपी खुद भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। सड़क जाम हटने के बाद दुकानदारों की लिखित शिकायत पर ओपी अध्यक्ष द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।