2021/02/24

पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला...कई पुलिसकर्मी जख्मी....पुलिस को शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी

BEGUSARAI : बिहार के बेगूसराय जिले में पोखरिया मोहल्ला में बुधवार की सुबह मोहल्लेवासियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार पुलिस को शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। 

मौके पर फोर्स के साथ पुलिस की टीम पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठाने लगी। इसकी भनक मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। 

हिरासत में लिए गए युवकों को जब पुलिस जीप में बैठाने लगी तो वहां मोहल्लेवासियों की भीड़ जमा हो गई। किसी तरह पुलिस ने हिरासत में लिए गए शराब धंधेबाज को जीप में बैठाकर वहां से ले गई लेकिन इस बीच कुछ पुलिसकर्मी गाड़ी पर सवार नहीं हो पाए। 

आक्रोशित भीड़ ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनपर हमला बोल दिया। पुलिसकर्मी वहां से भागने लगे और ग्रामीणों ने उन्हें दौड़ा लिया। 

इस दौरान पुलिसकर्मियों पर पत्थर भी फेंके गए, जिसमें एक जवान के घायल होने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने एसपी कार्यालय तक पुलिसकर्मियों को खदेड़ दिया। इस बीच किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। 

प्रारंभिक सूचना के अनुसार नगर थाना पुलिस को शराब बेचने की सूचना मिली थी। 

इसी शक पर छापेमारी करने के लिए पुलिस पोखरिया मोहल्ला पहुंच गयी व कई घरों में छापेमारी करना शुरू कर दी। लोगों को इस बात को लेकर गुस्सा है कि पुलिस की कार्यशैली बिल्कुल अमानवीय जैसी रही। 

इसी से नाराज होकर ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। वहीं थानाध्यक्ष अभस्य शंकर ने बताया कि शराब व शराबियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।