2021/02/16

बिहार : फंदे से लटकती मिली विवाहिता की लाश...ढाई माह पहले हुई थी शादी...जाँच में जुटी पुलिस

BUXAR : बक्‍सर जिले डुमरांव में एक विवाहिता का शव उसी के घर में छत में लगी कुंडी से लटकता पाया गया। संबंधित परिवार के सभी सदस्‍य इस घटना के बाद फरार हैं। डुमरांव अनुमंडल के कोरानसराय थानाक्षेत्र में हुई घटना के बाद विवाहिता के पिता के बयान पर ससुरालवालों के खिलाफ हत्‍या की नामजद प्रथमिकी दर्ज कराई गई है। 

घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची कोरानसराय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपित ससुरालवालों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सम्भावित ठिकानों पर छापेमारी में लगी है।

घटना डुमरांव के कोरानसराय थाना अंतर्गत कनझरुआ गांव की है। सोमवार की रात दो बजे के करीब कोरानसराय पुलिस को फोन पर सूचना मिली कि कनझरुआ में कामता साह की नवविवाहिता पत्नी खुशबू कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। 

पुलिस को खुद ससुरालवालों ने ही सूचना दी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। जहां पहुंचने पर पुलिस को घर का दरवाजा खुला मिला और घर में कोई नहीं था।

आसपास के लोगों को बुलाकर पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो एक कमरे में छत की कुंडी से 22 वर्षीय खुशबू का शव झूलते दिखाई दिया। शव की जांच से पता चला कि अभी कुछ ही देर पहले उसकी मौत हुई है। शव का पंचनामा तैयार करने के साथ ही खुशबू के मायके फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पिता ने कहा कि कम दहेज देने के कारण ससुरालवालों ने हत्या कर दी है। इस मामले में पिता के बयान पर ससुराल पक्ष के सास, ससुर समेत छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाते प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इस सम्बंध में बक्सर के छोटकी सरिमपुर निवासी खुशबू के पिता झमन साह ने बताया कि कुछ ही दिन पहले 29 नवंबर 2020 को उन्होंने अपनी बेटी खुशबू की शादी कनझरुआ निवासी जितेंद्र साह के पुत्र कामता साह के साथ की थी। कई महीनों से जारी लॉकडाउन के कारण दहेज के लिए तय की गई रकम वह जुटा नहीं पाए थे और बाद में देने का वादा कर किसी तरह शादी सम्पन्न करा ली थी।इस घटना को लेकर पुलिस छानबीन में जुटी हुई हैं