NAWADA : जिला मुख्यालय के अतोआ रोड स्थित मानस भारती एजुकेशनल कॉम्पलेक्स परीक्षा केंद्र पर शनिवार की सुबह ईंट चलने से एक सिपाही जख्मी हो गया। घायल सिपाही पिंटू कुमार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिंटू कुमार मुख्य रूप से भोजपुर जिला के कोइलवर थाना क्षेत्र के पुराना हरिपुर गांव का रहने वाला है। फिलहाल नवादा जिले के मुफस्सिल थाना में पदस्थापित हैं।
केंद्र के गेट पर लगी गाड़ियां हटाने के दौरान किसी ने चलाई ईंट
घायल सिपाही ने बताया कि उसकी नियुक्ति मानस भारती परीक्षा केंद्र पर है। इंटर की परीक्षा चल रही है। सुबह जब वहां पहुंचा तो देखा कि कई लोगों ने केंद्र के मुख्य द्वार के आसपास अपनी-अपनी गाड़ी कर दी है।
तब उन्होंने बाइक लगाने वालों को मना करना शुरू कर दिया। उनके मना करते ही कुछ लोग उग्र हो गए और धक्का मुक्की करने लगे। इसी बीच कुछ शरारती तत्वों ने ईंट चला दिया। ईंट उनके चेहरे पर लग गया। इस घटना में वे जख्मी हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल वहां पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
इधर लोगों का कहना था कि सिपाही अचानक पहुंचा और गाली गलौज करते हुए अचानक लाठी भांजने लगा। इसमें कई लोग चोटिल हो गए। अफरातफरी मच गई। इसके बाद भीड़ में से किसी ने उनपर ईंट चला दिया। इधर लोगों के बीच चर्चा है कि परीक्षा में काफी सख्ती बरती जा रही है। इससे छात्रों में नाराजगी है। एक दिन पहले इसी केंद्र पर परीक्षा दे रहे छात्र ने कॉपी फाड़ दी थी।
उस छात्र का कहना था कि कोरोना काल में पढ़ाई नहीं हुई। स्कूल-कोचिंग बंद रहे। अब परीक्षा में सख्ती बरती जा रही है। बहरहाल प्रशासन पूरी तरह से सख्ती बरत रहा है। कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए पूरी तरह से निगरानी की जा रही है। अधिकारी निरंतर निगरानी में लगे रहते हैं।